समस्तीपुर:पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल,डीएम कार्यालय पर फूंका पुतला
समस्तीपुर ।नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज एवं गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को समस्तीपुर में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के संयुक्त तत्वावधान में आक्रोश मार्च निकाला गया. बड़ी संख्या में शामिल कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रतीकात्मक पुतला दहन किया.
सरकारी बस स्टैंड से डीएम कार्यालय तक निकला मार्च
आक्रोश मार्च स्थानीय सरकारी बस स्टैंड से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए डीएम कार्यालय पहुंचा. प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारे लगाए और विरोध दर्ज कराया.
डीएम कार्यालय पर किया पुतला दहन
डीएम कार्यालय परिसर में पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार का प्रतीकात्मक पुतला फूंका. प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रितेश कुमार चौधरी और एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से किया. सभा का संचालन एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव अभिनव अंशु एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव मुकेश कुमार चौधरी ने किया.
नेताओं ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सभा को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय संयोजक अबू तनवीर ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और न्याय मांगने वाले छात्रों पर बल प्रयोग किया जा रहा है. जिला अध्यक्ष रितेश कुमार चौधरी ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई और युवाओं को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा. वहीं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की.
सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव अंशु, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मो. मोहिउद्दीन सहित अजय कुमार, अमन राय, ललन कुमार, परितोष कुमार, मनीष कुमार राय, अखलाकुर रहमान सिद्दीकी, गौरव कुमार, नवनीत यादव, आनंद यादव, भरत कुमार, हिमांशु शेखर और अन्य सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
