Darbhanga

दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली रूट पर अकासा व स्पाइसजेट की उड़ान रद्द,यात्रियों की बढ़ी परेशानी

दरभंगा. दरभंगा एयरपोर्ट से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बुधवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जानकारी के अनुसार अकासा एयर और स्पाइसजेट की दिल्ली रूट की उड़ान रद्द होने के कारण टिकट बुक करा चुके कई यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी. दिल्ली जाने के लिए इस रूट पर केवल इंडिगो की सेवा उपलब्ध रही. लगातार उड़ानों के रद्द होने और कटौती से यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. विदित हो कि सामान्य दिनों में दिल्ली रूट पर आधा दर्जन विमानों का परिचालन होता है, लेकिन आज केवल दो ही फ्लाइट की सर्विस दी गयी. बुधवार को दरभंगा एयरपोर्ट से केवल तीन महानगरों के लिए विमानों का परिचालन हुआ. इस दौरान कुल आठ विमानों ने आवाजाही की. इनमें दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु रूट शामिल रहे. सामान्य दिनों में जहां दरभंगा एयरपोर्ट से करीब 2500 यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं, वहीं बुधवार को यात्रियों की संख्या घटकर 1500 से भी नीचे पहुंच गई.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

30 मई को आठ विमानों का हुआ था परिचालन

 

बताया जाता है कि करीब एक माह बाद दरभंगा एयरपोर्ट पर विमानों का परिचालन न्यूनतम स्तर पर पहुंचा है. इससे पहले लगातार विभिन्न रूटों पर एक दर्जन से अधिक विमानों का परिचालन हो रहा था. लेकिन तकनीकी कारणों, परिचालन संबंधी समस्याओं और अन्य कारणों से लगातार उड़ान सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.

 

दिल्ली रूट पर अकासा और स्पाइसजेट की उड़ान रद्द होने से सबसे अधिक परेशानी उन यात्रियों को हुई, जिन्होंने पहले से टिकट बुक करा रखा था. कई यात्रियों को अंतिम समय में वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी पड़ी. आवश्यक कार्यों से दिल्ली जाने वाले लोगों को खासकर अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

 

आवश्यक कार्य के मद्देनजर विमानों में कटौती से होती परेशानी

 

यात्रियों का कहना है कि दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार के लाखों लोगों के लिए महत्वपूर्ण हवाई सेवा केंद्र बन चुका है. ऐसे में बार बार उड़ानों के रद्द होने और संख्या में कटौती से यात्रियों को परेशानी हो रही है. लोगों ने विमानन कंपनियों और एयरपोर्ट प्रबंधन से नियमित और सुचारू उड़ान सेवा बहाल करने की मांग की है. वर्तमान में दरभंगा एयरपोर्ट से महानगरों के लिए सीमित उड़ानों के संचालन के कारण यात्रियों का दबाव उपलब्ध विमानों पर बढ़ गया है. यात्रियों का कहना है कि आवश्यक कार्य के मद्देनजर उड़ानों में कटौती से बहुत परेशानी होती है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!