Samastipur

फ्लिपकार्ट ऑफिस में हथियार के बल पर 1.49 लाख की लूट,कर्मचारियों को बंधक बना घटना को दिया अंजाम 

समस्तीपुर. सरायरंजन थाना क्षेत्र के हरपुर ऐलोथ स्थित फ्लिपकार्ट के क्षेत्रीय कार्यालय में देर रात चार हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की. दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे नकाबपोश अपराधियों ने कर्मचारियों को पिस्तौल के बल पर बंधक बना लिया और काउंटर व गल्ले में रखे 1 लाख 49 हजार 700 रुपये लूट लिये. वारदात के बाद बदमाश कार्यालय में लगे सीसीटीवी सिस्टम का डीवीआर और हार्ड डिस्क भी उखाड़कर अपने साथ ले गये. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

पिस्तौल दिखाकर कर्मचारियों को बनाया बंधक

कार्यालय प्रबंधक रविशंकर कुमार के अनुसार, घटना के समय कार्यालय में रोजाना की तरह पार्सल वितरण और लेखा-जोखा से संबंधित काम चल रहा था. इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे. कार्यालय में घुसते ही उन्होंने कर्मचारियों पर पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए सभी को हाथ ऊपर करने को कहा.इसके बाद बदमाशों ने कर्मचारियों को गनपॉइंट पर एक कोने में बैठा दिया. कर्मचारी दहशत में थे. इसी दौरान अपराधियों ने काउंटर और गल्ले में रखी नकदी समेट ली. लूटी गयी रकम करीब 1,49,700 रुपये बतायी गयी है.

 

लूटपाट के दौरान बदमाशों की नजर कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों पर पड़ी. इसके बाद वे तकनीकी कक्ष में पहुंचे और सीसीटीवी सिस्टम से जुड़े डीवीआर और हार्ड डिस्क को तार काटकर निकाल लिया. दोनों उपकरण अपने साथ लेकर अपराधी वहां से फरार हो गये.बताया गया कि बदमाश बाइक से मुसरीघरारी की ओर भागे. उनके जाने के बाद कार्यालय कर्मियों ने शोर मचाया और स्थानीय पुलिस के साथ वरीय अधिकारियों को घटना की सूचना दी. वारदात की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी.

 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर मुसरीघरारी थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. कुछ देर बाद सदर एसडीपीओ भी वहां पहुंचे और कार्यालय प्रबंधक तथा कर्मचारियों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने आसपास के मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर अपराधियों का पता लगाने की कोशिश शुरू की.

 

दूसरे CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

मुसरीघरारी थानाध्यक्ष ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फ्लिपकार्ट कार्यालय से नकदी और डीवीआर लूटे जाने की बात सामने आयी है. पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मुख्य सड़कों पर लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है. इसके जरिए अपराधियों के भागने की दिशा और उनकी पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.पुलिस अधिकारियों ने जल्द अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी और लूटी गयी रकम की बरामदगी की उम्मीद जतायी है. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *