दोस्ती में दरार और रुपये के लालच में दोस्त बना कातिल,गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर।घोघरडीहा। थाना क्षेत्र के चर्चित सरफुद्दीन हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया। वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में झंझारपुर उपकारा भेज दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक के बैंक खाते में जमा करीब 1.65 लाख रुपये ही इस सनसनीखेज हत्याकांड की सबसे बड़ी वजह बने। बुधवार को घोघरडीहा थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान रुपये के लालच में हत्या करने की बात स्वीकार की है। मामले में फुलपरास थाना क्षेत्र के बलाबाखर गांव निवासी मो. सहादत 27 वर्ष एवं मो. इरशाद 20 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, शत्रुपट्टी वार्ड संख्या-8 निवासी मो. सोहराब का 24 वर्षीय पुत्र मो. सरफुद्दीन 15 जून 2026 को रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था।
परिजनों की सूचना पर 17 जून से पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और बैंक खाते की तकनीकी जांच की गई। जांच में सामने आया कि सरफुद्दीन के खाते से 18, 20 और 21 जून को कई बार रुपये निकाले गए थे। बैंक से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाते हुए जांच का दायरा बढ़ाया। इसी बीच 27 जून को घोघरडीहा-हटनी रोड स्थित भूतही बलान नदी के पूरब बधार में पानी भरे गड्ढे से एक सड़ा-गला शव बरामद हुआ। परिजनों ने शव पर पहने टी-शर्ट, जींस और बेल्ट के आधार पर उसकी पहचान सरफुद्दीन के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी। पूछताछ में मुख्य आरोपी मो. सहादत ने पुलिस को बताया कि सरफुद्दीन उसका मित्र था।
लेकिन दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। उसे सरफुद्दीन के बैंक खाते में जमा लगभग 1.65 लाख रुपये तथा मोबाइल बैंकिंग का पासवर्ड पहले से मालूम था। रुपये हड़पने की नीयत से उसने अपने साथी के साथ मिलकर सरफुद्दीन की हत्या कर दी और बाद में उसके खाते से कई बार रुपये निकाले। एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है तथा हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के बहुचर्चित हत्याकांड का खुलासा होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
