बेगूसराय में रॉन्ग साइड से ट्रक ने दो बिजली मिस्त्रियों को कुचला, गई जान
बेगूसराय में स्टेट हाईवे-55 पर सोमवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों की जान ले ली। खम्हार और मोहनपुर के बीच जोगियाडीह के पास ट्रक कथित तौर पर रॉन्ग साइड में आ गया। उसने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे का दाहिना पैर कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने मंझौल अनुमंडलीय अस्पताल से सदर अस्पताल बेगूसराय ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतकों की पहचान लोहियानगर थाना क्षेत्र के पन्हांस विषहर स्थान निवासी छट्ठू शर्मा के पुत्र रंजीत कुमार शर्मा (44) और नगर थाना क्षेत्र के सर्वोदय नगर निवासी रामाशीष प्रसाद सिंह के पुत्र चंदन कुमार (42) के रूप में हुई है। रंजीत पुराने बिजली मिस्त्री थे। चंदन ने हाल ही में सोलर प्लेट लगाने का काम शुरू किया था। दोनों साथ मिलकर काम करते थे। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेजा गया है। पीड़ित परिजन का आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी। ट्रक और बाइक जब्त, चालक की तलाश हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक जब्त कर ली है। ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और चालक का पता लगाया जा रहा है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। दोनों युवकों की मौत से उनके परिवारों में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।