समस्तीपुर:होटल,अस्पतालों की अग्नि सुरक्षा की जांच, 15 दिन में कमी में सुधार का अल्टीमेटम
समस्तीपुर| मुजफ्फरपुर और दिल्ली में हाल के दिनों में हुई अगलगी की घटनाओं को देखते हुए जिले में अग्निशमन विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी कड़ी में सोमवार को फायर ब्रिगेड की टीम ने शहर के 10 होटल और अस्पतालों में फायर ऑडिट किया। ऑडिट के दौरान टीम ने संबंधित संस्थानों के संचालकों को अग्नि सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपायों की जानकारी दी तथा फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग और रखरखाव के बारे में भी विस्तार से बताया।
जांच के दौरान जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई, वहां संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए जल्द सुधार करने का निर्देश दिया गया। अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, शहर में प्रतिदिन लगभग 10 होटल और अस्पतालों का फायर ऑडिट किया जा रहा है, जबकि जिले भर में यह संख्या करीब 40 तक पहुंच रही है। विभाग ने बताया कि अब तक 36 होटल और अस्पतालों को नोटिस जारी किया गया है। इन संस्थानों को अग्नि सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर करने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है।