समस्तीपुर:सुरक्षा भगवान भरोसे,नमो भारत में नहीं दिखे रहे टीटीई,आरपीएफ
समस्तीपुर.प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 24 अप्रैल 2025 को वर्चुअल उद्घाटन के बाद चर्चाओं में रही नमो भारत ट्रेन को रेलवे ने प्रीमियम सेवा के रूप में प्रचारित किया था। समस्तीपुर, सोनपुर व दानापुर मंडल की शोभा बढ़ाने वाली इस ट्रेन में शुरुआती दिनों में ट्रेन में टीटीई, आरपीएफ और जीआरपी की सक्रिय मौजूदगी देखने को मिलती थी। हालांकि समय बीतने के साथ स्थिति बदलती नजर आ रही है। रविवार को पटना से समस्तीपुर तक यात्रा के दौरान की गई पड़ताल में ट्रेन में कहीं भी टीटीई, आरपीएफ या जीआरपी कर्मी नजर नहीं आए। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि ट्रेन में यात्रा कर रहे सभी यात्रियों के टिकटों की जांच कैसे हो रही है और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कौन कर रहा है।
रेलवे की ओर से भले ही पर्याप्त स्टाफ की तैनाती का दावा किया जाता हो, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही दिखाई दी। यात्रा के दौरान किसी भी कोच में टिकट जांच होती नहीं दिखी। इससे बेटिकट यात्रियों के यात्रा करने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। प्रीमियम श्रेणी की ट्रेन होने के बावजूद यात्रा के दौरान सुरक्षा से जुड़े किसी भी कर्मी की मौजूदगी नजर नहीं आई। ऐसे में किसी आपात स्थिति या यात्रियों की शिकायतों के समाधान को लेकर भी प्रश्न खड़े हो रहे हैं।
कोच से लेकर शौचालय तक सफाई व्यवस्था बेहतर वहीं दूसरी ओर ट्रेन में ओबीएचएस (ऑन बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस) स्टाफ की कार्यशैली काफी प्रभावी नजर आई। सफाईकर्मी लगातार कोचों की सफाई करते दिखे और यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास करते रहे। साफ-सफाई के मामले में ट्रेन की व्यवस्था संतोषजनक दिखाई दी।यात्रियों का कहना है कि किसी भी प्रीमियम ट्रेन की पहचान केवल आधुनिक कोच और बेहतर सफाई व्यवस्था नहीं होती, बल्कि प्रभावी सुरक्षा और नियमित टिकट जांच भी उसकी महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि समय रहते इस दिशा में ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में यह ट्रेन भी अन्य सामान्य ट्रेनों की तरह बेटिकट यात्रियों और अव्यवस्था की समस्या से जूझ सकती है।यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से नमो भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन में टीटीई, आरपीएफ और जीआरपी की नियमित एवं दृश्यमान तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि ट्रेन की प्रीमियम पहचान और यात्रियों का भरोसा दोनों कायम रह सके।
^इस ट्रेन में तीन टीटीई जयनगर से बरौनी तक समस्तीपुर मंडल के द्वारा तैनात किए गए हैं जो नियमित ड्यूटी पर तैनात रहते हैं और टिकट चेकिंग भी मुस्तैदी से करते हैं। बरौनी से सोनपुर मंडल व आगे दानापुर मंडल का क्षेत्र रहता है जो उन्हें देखना है। यात्रियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। – अनन्या स्मृति, सीनियर डीसीएम, समस्तीपुर
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
