पति से विवाद के बाद युवती नदी में कूदने की कर रही थी तैयारी,होमगार्ड ने बचाया, पति संग लौटी घर
वैशाली में हाजीपुर-पटना को जोड़ने वाले पुराने गंडक पुल पर एक युवती को आत्महत्या करने से बचाया गया। युवती पुल से नदी में छलांग लगाने की तैयारी में थी, तभी होमगार्ड के दो जवानों ने उसे रोक लिया।सोनपुर के परमानंदपुर की रहने वाली खुशबू कुमारी अपने पति के साथ हाजीपुर में रहती है। बताया गया कि खुशबू ने प्रेम विवाह किया है और पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
विवाद के बाद खुशबू आत्महत्या करने के इरादे से पुराने गंडक पुल पर पहुंच गई। हालांकि, नदी में कूदने से पहले ही होमगार्ड के जवान मौके पर पहुंच गए और उसे पकड़कर चेक पोस्ट ले आए।इसी दौरान युवती का पति भी वहां पहुंच गया। काफी समझाने-बुझाने के बाद खुशबू अपने पति के साथ घर लौट गई। हालांकि, पति-पत्नी के बीच विवाद का सटीक कारण सामने नहीं आया है।होमगार्ड जवानों की सतर्कता और राहगीरों की सक्रियता से एक युवती की जान बचाई जा सकी।