समस्तीपुर में तीन दिन से लापता युवक का शव घर के पीछे गड्ढे में मिला, चार माह पहले हुई थी शादी
समस्तीपुर: सरायरंजन थाना क्षेत्र की नौआचक पंचायत के वार्ड संख्या-2 में शनिवार को 20 वर्षीय युवक का शव घर के पीछे पानी से भरे गड्ढे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान गांव निवासी कन्हैया झा के पुत्र आदित्य कुमार (20) के रूप में हुई है. वह 21 अक्टूबर से लापता था. युवक की मौत कैसे हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है.
तीन दिन से लापता था आदित्य, घर के पीछे मिला शव
परिजनों के अनुसार, आदित्य के लापता होने के बाद काफी खोजबीन की गयी, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद सरायरंजन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी गयी थी. शनिवार को घर के पीछे झाड़ियों के बीच पानी से भरे गड्ढे में शव दिखाई देने की सूचना गांव में फैल गयी. मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान की और पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. शव मिलने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया. उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कराने और डॉग स्क्वायड बुलाकर घटनास्थल की जांच कराने की मांग की. ग्रामीणों का कहना था कि युवक तीन दिनों से लापता था, इसलिए उसकी मौत के कारणों का पता लगाना जरूरी है.
चार माह पहले हुई थी शादी, परिवार में मचा कोहराम
आदित्य के पिता कन्हैया झा लुधियाना में मजदूरी करते हैं. उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका था. आदित्य दो भाइयों में बड़ा था और उसकी शादी महज चार माह पहले हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. कम उम्र में परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे आदित्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.फिलहाल युवक की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं. पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह सामने आ सकेगी. ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले का जल्द खुलासा करने और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है.थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि युवक का शव बरामद हुआ है. मामले की जांच की जा रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
