पटना में खुले में थूकने पर वसूला गया 2.5 लाख का जुर्माना:4 दिन में 500 लोग चिन्हित
पटना में अब खुले में थूकना लोगों को महंगा पड़ रहा है। सार्वजनिक स्थलों को गंदा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए चार दिनों में करीब 2.5 लाख का जुर्माना वसूला गया है।पटना नगर निगम ने सभी 6 अंचलों में चलाए गए निगरानी अभियान के तहत अब तक 500 व्यक्तियों को ‘नगर शत्रु’ के रूप में चिन्हित कर जुर्माना वसूला है।
यह अभियान चौक-चौराहों, मुख्य सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष रूप से चलाया जा रहा है।
थूकने वालों के विरुद्ध तुरंत पहचान कर मौके पर कार्रवाई हो रही
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यह अभियान निरंतर, चरणबद्ध और बिना किसी ढिलाई के संचालित किया जाए। पान, गुटखा और अन्य तंबाकू उत्पादों का सेवन कर सार्वजनिक स्थलों पर थूकने वालों के विरुद्ध तुरंत पहचान और मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है.नगर शत्रु’ घोषित किए गए व्यक्तियों से जुर्माना वसूलने के साथ-साथ उन्हें भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की अंतिम चेतावनी भी दी जा रही है। खुले में थूकते हुए पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति से 500 रुपये का जुर्माना वसूला जा रहा है।
दोबारा गंदगी फैलाने पर नाम और तस्वीर होगा सार्वजनिक
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) से प्राप्त CCTV फुटेज के आधार पर चिन्हित व्यक्तियों की तस्वीरें संबंधित अंचलों को भेजी जा रही हैं, जिसके बाद नगर निगम की प्रवर्तन टीमें सीधे मौके पर पहुंचकर जुर्माना वसूली कर रही हैं। सभी उल्लंघनकर्ताओं अगर फिर से ऐसी गलती करेंगे तो उस स्थिति में उनकी तस्वीरें शहर में स्थापित VMD (वेरिएबल मैसेज डिस्प्ले) स्क्रीन पर सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित की जाएंगी। शहर के 415 स्थानों पर लगे 3300 CCTV कैमरे से थूकने वालों की पहचान की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
