मिडवाइफरी की 18 महीने की विशेष ट्रेनिंग के लिए समस्तीपुर जिले से 4 व सदर की दो नर्सों का चयन
समस्तीपुर.स्वास्थ्य विभाग सरकारी अस्पतालों की दक्ष नर्सों को मिडवाइफरी की ट्रेनिंग दिलाने जा रहा है। मिडवाइफरी में दक्ष ये नर्से प्रेग्नेंसी यानी गर्भावस्था के दौरान उपजने वाले रिस्क को कम कर सकेंगी और गर्भवती महिलाओं का प्रसव पूर्व होने वाले जांच-इलाज सुनिश्चित कराते हुए सुरक्षित प्रसव करा सकेंगी। साथ ही प्रसव के बाद बच्चों का नियमित टीकाकरण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य मातृत्व मृत्यु दर, शिशु मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर कम करने के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं व बच्चों में होने वाले कुपोषण को दूर करना है।
वहीं, इस संबंध में सदर अस्पताल के डीएस डॉ गिरीश कुमार ने बताया कि नर्स प्रैक्टिशनर इन मिडवाइफरी (एनपीएम) 18 माह की ट्रेनिंग मैटरनिटी केयर को लेकर सदर अस्पताल में पदस्थापित दो महिला स्टाफ नर्सों सपना संस्कृति व श्वेता कुमारी को ट्रेनिंग के लिए विरमित किया गया है। वहीं, इसके बाद अप्रैल वाले सेशन में स्वाति कुमारी व पुष्पलता आदि को भेजा जाएगा। ट्रेनिंग उपरांत उनकी पोस्टिंग मुख्यालय स्तर से ही एमएलसीयू सुविधा वाले हॉस्पिटल में की जाएगी। ट्रेनिंग उपरांत ये नर्सें प्रसव कार्य में इतनी निपुण हो जाएंगी कि बिना कॉम्प्लिकेशन वाले प्रसव कार्य बिना डॉक्टर व सहायक के भी कुशलता पूर्वक कर सकेंगी।
एएनएम को दिया जा रहा है स्किल्ड बर्थ अटेंडेंट का प्रशिक्षण सुरक्षित संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए एएनएम को स्किल्ड बर्थ अटेंडेंट (एसबीए) का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यालय से एसबीए प्रशिक्षण बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इस संबंध में डीएस डॉ गिरीश कुमार ने बताया कि विभाग के निर्देशानुसार प्रसव कक्ष में उन्हीं एएनएम से कार्य लेना है, जिसने एसबीए का प्रशिक्षण लिया हो। उन्होंने बताया कि एएनएम की संख्या के अनुरूप एसबीए प्रशिक्षण का बैच बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उसी हिसाब से मास्टर ट्रेनर उपलब्ध कराकर प्रशिक्षण बढ़ाया जाएगा।
^सुरक्षित संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने व मातृ-शिशु मृत्यु दर कम करने के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं व बच्चों में होने वाले कुपोषण को दूर करने उद्देश्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर एनपीएम व एसबीए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। ताकि स्टाफ नर्स और एएनएम को प्रसव कार्य में दक्ष किया जाए। – डॉ गिरीश कुमार, सदर अस्पताल, समस्तीपुर
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
