समस्तीपुर जिले के सभी प्रखंडों में दो-दो सरकारी स्कूलों में खुलेंगे आधार सेवा केंद्र
समस्तीपुर.जिले के विद्यालयों में लंबे समय से बंद पड़े आधार सेवा केंद्र एक बार फिर शुरू किए जाएंगे। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर प्रत्येक प्रखंड में दो-दो सरकारी स्कूलों में आधार सेवा केंद्र खोले जाने की तैयारी की जा रही है। इसका उद्देश्य स्कूली बच्चों के आधार निर्माण की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाना है। इन केंद्रों पर केवल सरकारी एवं निजी विद्यालयों में नामांकित छात्र-छात्राओं का ही आधार कार्ड बनाया जाएगा। सभी आधार सेवा केंद्र सरकारी विद्यालय परिसरों में ही स्थापित किए जाएंगे, ताकि अभिभावकों को अपने बच्चों का आधार बनवाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। विभागीय जानकारी के अनुसार, नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होने से पहले इन केंद्रों को चालू कर दिया जाएगा। आधार सेवा केंद्र खुलने से विद्यार्थियों का आधार कार्ड आसानी से बन सकेगा। साथ ही आधार से बैंक खाते जुड़ने पर छात्रवृत्ति एवं अन्य सरकारी योजनाओं की राशि समय पर मिल सकेगी।
प्रखंड से दो सरकारी स्कूलों का चयन कर शीघ्र नाम मांगा गया है जिला शिक्षा कार्यालय ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने प्रखंड से दो सरकारी स्कूलों का चयन कर शीघ्र नाम भेजें। चयनित विद्यालयों में आधार केंद्र संचालन के लिए बिजली, उपयुक्त कक्ष एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एक माह के भीतर एजेंसी का चयन कर लिया जाएगा और लगभग 60 दिनों के अंदर केंद्रों के संचालन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। गौरतलब है कि पूर्व में भी प्रत्येक प्रखंड में सरकारी स्कूलों में आधार सेवा केंद्र खोले गए थे, लेकिन एजेंसी को भुगतान नहीं होने तथा कुछ स्थानों पर ऑपरेटर द्वारा अवैध रूप से शुल्क वसूली की शिकायत मिलने के बाद इन्हें बंद कर दिया गया था। अब विभाग द्वारा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुचारु बनाने की पहल की जा रही है।