बिहार के MLA बोले- नेता को पकड़कर लाने वाले को ₹10 लाख दूंगा
पटना.उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू पर बिहार में इनाम घोषित हो गया है। बिहार की सहरसा सीट से इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) के विधायक आईपी गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा- बिहार की महिलाओं पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले उत्तराखंड के नेता को बिहार पकड़ कर लाने वाले व्यक्ति को दूंगा 10 लाख रुपया इनाम।
साहू के विवादित बयान को लेकर गुरुवार को देहरादून और अल्मोड़ा में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। देहरादून में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री के आवास का घेराव करने की कोशिश की, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक लिया। इस दौरान नारेबाजी, पुतला दहन और प्रतीकात्मक विरोध देखने को मिला।
यह पूरा विवाद अल्मोड़ा जिले की सोमेश्वर विधानसभा से जुड़े एक वीडियो के सामने आने के बाद शुरू हुआ है, जिसमें मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहते हैं, “बिहार में लड़कियां 20-25 हजार में मिल जाती हैं, चलना हमारे साथ तुम्हारी शादी करवा देंगे”। वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस ने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने इस बयान को अशोभनीय बताया है।
मंत्री की तरह ट्रैक सूट पहनकर किया प्रदर्शन
देहरादून स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान “रेखा आर्य माफी मांगो” और “बाल विकास मंत्रालय कार्रवाई करो” जैसे नारे लगाए गए। इसी दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री की तरह ट्रैक सूट पहनकर कुर्सी पर बैठी नजर आई, जिसे लेकर माहौल और गर्म हो गया। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। कुछ कार्यकर्ता गेट पर चढ़ने की कोशिश करते भी दिखे।
2027 की तैयारी में दिया विवादित बयान
2022 में सोमेश्वर से विधायक चुनीं गईं और जीत के बाद मंत्री बनीं रेखा आर्य 2027 की तैयारी में जुट गई हैं। चुनाव की तैयारी में पत्नी का पूरा साथ दे रहे हैं गिरधारी लाल साहू। करीब 7-8 दिन पहले चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए ही गिरधारी लाल अल्मोड़ा जिले में पड़ने वाली सोमेश्वर सीट के दौलाघाट क्षेत्र में पहुंचे थे। यहां पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने वाले एक कार्यक्रम में उन्होंने मंच से ये विवादित बयान दे दिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गिरधारी लाल साहू सामने बैठे युवा कार्यकर्ता से उसकी उम्र पूछते हुए कहते हैं-
नवीन तुम कितनी उम्र के हो बेटा? तुम तो नौजवान ही हो। शादी भी नहीं हुई तुम्हारी। तो फिर तुम शादी बुढ़ापे में करोगे? अभी तक तीन चार बच्चे हो जाते। लड़की हम तुम्हारे लिए बिहार से ले आते। बिहार में 20-25 हजार में मिल जाती है। चलिए मेरे साथ तुम्हारी शादी करवाते हैं।
महिला कांग्रेस का तीखा हमला
इस बयान से आक्रोशित उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा- इस तरह की सोच मानव तस्करी, बाल विवाह, महिला शोषण और लैंगिक अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों को सामान्य बनाने का काम करती है, मंत्री के पति ने उत्तराखंड का नाम खराब करने का काम किया है।
विवाद बढ़ने पर गिरधारी लाल साहू ने क्या कहा…
राजनीति के तहत तोड़-मरोड़ का आरोप: मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर कहा कि सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघट क्षेत्र में आयोजित माताओं-बहनों और बुजुर्गों के स्वागत समारोह में वह मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल के आमंत्रण पर शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में एक मित्र की शादी का जिक्र हास्य के रूप में किया था, लेकिन कांग्रेस और विरोधियों ने उसे जानबूझकर तोड़-मरोड़कर समाज के सामने गलत तरीके से पेश किया है, जो पूरी तरह निराधार है।
बेटियों के सम्मान को लेकर अपना पक्ष रखा: साहू ने कहा कि बेटियों के सम्मान को लेकर उनकी सोच और कामकाज किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने दावा किया कि वह हर वर्ष बरेली में रामलीला के माध्यम से 101 निर्धन बेटियों की शादी कराते हैं और लंबे समय से अपनी श्रद्धा व सामर्थ्य के अनुसार इन विवाहों में सहयोग करते आ रहे हैं। उनके अनुसार, यह उनका निजी सामाजिक दायित्व है, जिसे वे निरंतर निभाते रहे हैं।
माफी के साथ सफाई, गलत मंशा से इनकार: गिरधारी लाल साहू ने कहा कि वह सोमेश्वर विधानसभा ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश की सभी बेटियों का देवी के समान सम्मान करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उनके बयान को गलत तरीके से पेश कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
