बिहार में फिर बढ़ेगी सख्ती, कोरोना के नए वैरिएंट एक्सई को लेकर सार्वजनिक स्थानों पर विशेष चौकसी
पटना : कोरोना के नए वैरिएंट एक्सई के मामले मिलने के बाद बिहार में भी अलर्ट जारी किया गया है। अधिकारियों को कोरोना जांच की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए सभी जिलों के सिविल सर्जन को नए वैरिएंट को लेकर सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। मुंबई और गुजरात में कोरोना के नए वैरिएंट एक्सई की पहचान हुई है।
देश में एक्सई की एंट्री से बढ़ी चिंता
सिविल सर्जनों को कहा गया है कि पहले भी मुंबई में केस मिलने के बाद देश के अन्य हिस्सों में कोरोना का नया वैरिएंट पहुंचा था। इसलिए इस बार भी सतर्क रहने की जरूरत है। राज्य के सभी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ बाहर से आने वाले लोगों की जांच कराने का निर्देश दिया गया है। एंटीजन तथा आरटीपीसीआर जांच लोगों की कराई जाएगी। बिहार में अभी कोरोना के मामले कम मिल रहे हैं, सक्रिय मरीजों की संख्या भी महज 17 है।
पटना में अभी सात निजी अस्पतालों में लगेगा बूस्टर डोज
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी जिलों के सिविल सर्जनों को बूस्टर डोज देने से संबंधी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्णय के बारे में भी जानकारी दी गई है। 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को बूस्टर डोज अभी सिर्फ निजी अस्पतालों में ही लगाया जाएगा। पटना में सात निजी अस्पतालों में पहले से टीका लग रहा है, इन्हीं अस्पतालों में फिलहाल बूस्टर डोज लगाया जाएगा।
150 रुपये सर्विस चार्ज के तौर पर देने होंगे
नए निजी अस्पतालों को पहले अनुमति लेनी होगी। बूस्टर डोज के लिए कंपनी की ओर से तय की गई राशि और 150 रुपये सर्विस चार्ज के तौर पर देने होंगे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में जेई टीकाकरण के संबंध में भी सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
