विद्यापतिधाम में सीताराम विवाह उत्सव की तैयारी पूरी, आज धूमधाम से निकलेगी भव्य बारात
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में आयोजित होने वाले सीताराम विवाह उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस भव्य आयोजन को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं।
बारात की झांकी निकाली
मंदिर परिसर से सोमवार को सीताराम विवाह के उपलक्ष्य में एक भव्य बारात की झांकी निकाली जाएगी। विद्यापति परिषद के अध्यक्ष और पूर्व मुखिया गणेश गिरी “कवि” ने जानकारी देते हुए बताया कि हर वर्ष की तरह इस साल भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।
रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकार होंगे शामिल
बारात में हाथी, घोड़े, ऊँट, बसहा, बैंड बाजे और रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकार शामिल होंगे। भगवान राम का रूप धारण किए कलाकार रथ पर सवार होकर विद्यापतिधाम से साहिट, बाजिदपुर, गोपालपुर, मऊ शेरपुर, मड़वा के रास्ते वापस श्रीराम जानकी मंदिर पहुंचेंगे।
वैदिक मंत्रोच्चार और रीति-रिवाजों के साथ होगा कार्यक्रम
मंगलवार की रात वैदिक मंत्रोच्चार और रीति-रिवाजों के साथ विवाह का कार्यक्रम संपन्न होगा। भजन सम्राट के गायन के साथ उत्सव की रौनक और बढ़ेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
