मुजफ्फरपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने दो लड़कों को कुचला:दोनों की मौत
मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित दिघरा नहर के पास एनएच-28 पर बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि टक्कर लगने के बाद एक युवक का शव करीब 20 मीटर तक सड़क पर घसीट गया, जबकि दूसरे युवक का शव ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया। ट्रक कुछ दूरी तक घसीटते हुए रुका, लेकिन इस दौरान दोनों युवकों की दर्दनाक मौत हो चुकी थी। घटना के बाद चालक और खलासी ट्रक को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए।
गुस्साए लोगों ने किया सड़क जाम
घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने एनएच-28 को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। जाम के कारण एनएच पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति तनावपूर्ण हो गई।सूचना मिलते ही सदर थानेदार अस्मित कुमार और अपर थानेदार राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और किसी तरह जाम हटवाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर भेज दिया।
ओवरटेक करने के चक्कर में हुई बड़ी दुर्घटना
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि यह हादसा ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ। बताया गया कि बाइक सवार युवक सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में संतुलन खो बैठे, तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
शव निकालने में करनी पड़ी भारी मशक्कत
हादसे के बाद ट्रक के पिछले पहिए में फंसे एक युवक के शव को निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटनास्थल पर चारों ओर खून फैल गया था। हादसे के दृश्य को देखकर लोग सहम उठे। कई लोगों की आंखों से आंसू निकल आए।पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक-खलासी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।सदर थानेदार अस्मित कुमार ने बताया, यह एक बेहद दर्दनाक हादसा है। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक-खलासी की तलाश की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।”
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
