Samastipur

समस्तीपुर में करंट लगने से बीए छात्र की मौत:पैर फिसलने से बिजली पोल के संपर्क में आया

समस्तीपुर के धनहर गांव में बुधवार को बिजली का करंट लगने से 21 वर्षीय BA छात्र कन्हाई कुमार की मौत हो गई। वह घर के सामने लगे चापाकल पर नहाने गया था।इसी दौरान पैर फिसलने से वह पास में लगे लोहे के बिजली पोल के संपर्क में आ गया। पोल में 440 वोल्ट का करंट प्रवाहित हो रहा था। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

तीन भाइयों में सबसे बड़े थे कन्हाई

 

कन्हाई वारिसनगर थाना क्षेत्र के धनहर गांव के वार्ड नंबर 7 निवासी जय नारायण राय के बेटे थे। उनके चचेरे भाई चंदन कुमार ने बताया कि पोल के ऊपर से 440 वोल्ट का बिजली तार गुजरता है। आसपास के लोग उन्हें बचाने की कोशिश करते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।चंदन ने बताया कि कन्हाई तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। वह BA फाइनल ईयर के छात्र थे। उनके पिता जय नारायण राय मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी करने के बाद कन्हाई घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाएंगे, लेकिन हादसे में उनकी मौत हो गई।

 

पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया शव

 

घटना की सूचना मिलने पर वारिसनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा ने बताया कि बिजली के करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

हादसे के बाद गांव में मातम

 

कन्हाई की मौत के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बिजली पोल और खुले तारों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत जताई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *