समस्तीपुर-युवक के लापता होने पर 4 घंटे हाइवे जाम:टायर जलाए
समस्तीपुर के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में रोहन कुमार के लापता होने के बाद बुधवार को परिजनों और ग्रामीणों ने दलसिंहसराय-रोसड़ा मुख्य मार्ग SH-88 जाम कर दिया। वे युवक की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे थे। प्रदर्शनकारी मौके पर वरीय पुलिस अधिकारी को बुलाने पर अड़े रहे।लोगों ने सड़क पर बांस-बल्ले लगाकर रास्ता बंद किया और टायर जलाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। करीब चार घंटे तक जाम के कारण यातायात ठप रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
मंगलवार शाम से लापता है 19 साल का रोहन
रोहन कुमार (19) विभूतिपुर थाना क्षेत्र की कल्याणपुर दक्षिण पंचायत के समर्था टोला बनघरा निवासी जितेंद्र प्रसाद सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के पुत्र हैं। वह मंगलवार शाम से लापता हैं। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना था कि रोहन के लापता होने के बाद पुलिस ने अपेक्षित कार्रवाई नहीं की। उन्होंने मांग की कि कोई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले में ठोस पहल का भरोसा दे। ग्रामीणों ने कहा कि इसके बाद ही वे सड़क जाम खत्म करेंगे।
पुलिस के पहुंचने पर भी नहीं कम हुआ ग्रामीणों का आक्रोश
सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलने पर विभूतिपुर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पदाधिकारी अरशद इमाम अंसारी, साबिर एवं सुरेश चौधरी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने के बाद भी ग्रामीणों का आक्रोश कम नहीं हुआ। लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। थानाध्यक्ष के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर भी प्रदर्शनकारियों में नाराजगी थी।
मामले को लेकर ग्रामीण एसपी मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि घटना की जानकारी रोसड़ा डीएसपी को दे दी गई है। फिलहाल मौके पर थानाध्यक्ष को भेजा जा रहा है। पुलिस की ओर से युवक की तलाश और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जाम में फंसे वाहन, एंबुलेंस को भी बदलना पड़ा रास्ता
SH-88 पर अचानक हुए सड़क जाम से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कामकाज के सिलसिले में आने-जाने वाले लोगों के साथ यात्रियों को भी घंटों सड़क पर इंतजार करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम की वजह से एंबुलेंस को भी अपना रास्ता बदलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। इससे मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी हुई।
मामले से जुड़ा ऑडियो वायरल होने की चर्चा
इस पूरे मामले से जुड़ा एक ऑडियो वायरल होने की भी इलाके में चर्चा है। हालांकि, वायरल ऑडियो की सत्यता की अब तक किसी आधिकारिक अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है। ऐसे में ऑडियो में कही गई बातों को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
आवेदन के आधार पर कार्रवाई कर रही पुलिस
विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि परिजनों की ओर से दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। लापता युवक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।फिलहाल घटनास्थल पर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। ग्रामीण रोहन कुमार की सकुशल बरामदगी और वरीय पुलिस पदाधिकारी के मौके पर पहुंचने की मांग पर अड़े हैं। युवक के लापता होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अब पुलिस के सामने युवक का जल्द पता लगाने और ग्रामीणों को समझाकर सड़क पर यातायात बहाल कराने की चुनौती है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
