बरौनी गोंदिया एक्सप्रेस को दुर्घटना से बचाने वाले फाटकवाला को DRM ने किया सम्मानित
समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेल खंड के नारायणपुर अनंत के समीप एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई. बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस के एक डिब्बे से धुआं निकलता देख फाटकवाला ने सूझबूझ का परिचय दिया और समय रहते इसकी सूचना स्टेशन को दी. उनकी इस सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा रेल हादसा टल गया. रेलवे प्रशासन ने उनकी इस बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र और नकद राशि से सम्मानित किया है.
घटना 21 अक्टूबर की है. गाड़ी संख्या 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस जब नारायणपुर अनंत के पास से गुजर रही थी, तब फाटक संख्या-94/सी पर तैनात गेटमैन दिलीप कुमार की नजर ट्रेन के कोच संख्या-22287 पर पड़ी. उन्होंने देखा कि उक्त बोगी से धुआं निकल रहा है. बिना एक पल गंवाए उन्होंने अपनी ड्यूटी के दौरान अजब सूझबूझ का परिचय दिया और तुरंत इसकी सूचना नारायणपुर अनंत स्टेशन के अधिकारियों को दी.
फाटकवाला की सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा
फाटकवाला द्वारा दी गई सूचना के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया. इसके उपरांत यांत्रिक विभाग के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन की जांच की. जांच के दौरान क्यूआरवी हैंडल को रिलीज किया गया, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यदि समय रहते इस तकनीकी खराबी या धुएं पर ध्यान न दिया जाता, तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी.
डीआरएम ने प्रशस्ति पत्र और नकद राशि देकर किया सम्मानित
रेलवे कर्मचारियों की सुरक्षा और संरक्षा के प्रति समर्पण को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने फाटकवाला दिलीप कुमार के इस प्रशंसनीय कार्य की पुरजोर सराहना की. संरक्षा के दृष्टिकोण से उत्कृष्ट कार्य करने के उपलक्ष्य में उन्हें विशेष सराहना पत्र प्रदान किया गया. इसके साथ ही उनके हौसला अफजाई के लिए एक हजार रुपये की नकद राशि भी पुरस्कार स्वरूप दी गई है.
रेलवे महकमे में फाटकवाला की सतर्कता की चर्चा
सीनियर सेक्शन इंजीनियर के अधीन नारायणपुर अनंत में कार्यरत फाटकवाला दिलीप कुमार की इस मुस्तैदी की चर्चा पूरे समस्तीपुर रेल मंडल में हो रही है. रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यदि मैदान पर तैनात कर्मचारी इसी तरह सतर्क रहें, तो किसी भी बड़ी अप्रिय घटना से समय रहते बचा जा सकता है. इस सम्मान समारोह से अन्य रेलकर्मियों को भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और मुस्तैदी के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिली है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
