समस्तीपुर में फूल तोड़ने पर मां-बेटी का सिर फोड़ा, भर्ती
समस्तीपुर जिले के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में पूजा के लिए फूल तोड़ने के विवाद में एक मां और बेटी पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया। इस हमले में मां सबदनी देवी (40) और उनकी बेटी पूजा कुमारी (15) गंभीर रूप से घायल हो गईं, उनके सिर फट गए।
स्थानीय लोगों ने लहूलुहान हालत में दोनों मां-बेटी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर पी.डी. शर्मा की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों के सिर में चोटें आई हैं और उनका सीटी स्कैन किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे का इलाज किया जाएगा।
घायल महिला बोली- पहले मना किया, फिर सिर पर हमला किया
घायल मां-बेटी की पहचान शिवाजी नगर थाना क्षेत्र के दसोड़ा पंचायत के रवि टोल निवासी सच्चा यादव की पत्नी सबदनी देवी और उनकी 15 वर्षीय बेटी पूजा कुमारी के रूप में हुई है। सबदनी देवी के पति और दो बेटे दिल्ली में नौकरी करते हैं। वह अपनी दो बेटियों, पूजा (कक्षा 10) और कोमल (कक्षा 8) के साथ गांव में रहती हैं। बताया गया है कि जब वे अपने खेत में लगे बगीचे से फूल तोड़ने गई थीं, तभी पड़ोस के चार-पांच लोगों ने उन्हें फूल तोड़ने से मना किया और विवाद के बाद उन पर हमला कर दिया।
इस मामले में शिवाजी नगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि उन्हें मारपीट की सूचना मिली है। जांच के लिए 112 पुलिस टीम को गांव भेजा गया है। घायल महिला की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
