बेगूसराय में दोस्त की शादी में गांव आए कारोबारी की हत्या:सड़क किनारे गड्ढे में मिली लाश
बेगूसराय में रात अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने युवक की लाश को सड़क किनारे एक गड्ढे में फेंक दिया। शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने लाश को देखा तो पुलिस को इसकी जानकारी दी। घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के गौड़ा से आलापुर जाने वाली सड़क पर गौड़ा बहियार की है।
मृतक की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र के अंबा के रहने अरुण महतो के बेटे 23 साल के सत्यम कुमार उर्फ छोटू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, युवक के गले के पिछले हिस्से पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले हैं और एक छेद भी मिला है।सुबह जब कुछ लोग खेत की ओर जा रहे थे तो सड़क किनारे गड्ढे में झाड़ियों के बीच युवक की लाश पड़ी देखी। झाड़ियों में लाश की सूचना के बाद मौके पर गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। भीड़ में से ही किसी शख्स ने मृतक की शिनाख्त की और बताया कि लाश अंबा के रहने वाले छोटू कुमार की है। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
छोटू कुमार के बंधे थे हाथ-पैर, गले पर थे वार के निशान
सूचना मिलते ही तेघड़ा डीएसपी डॉ. रविंद्र मोहन प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पहलुओं पर छानबीन में जुट गई। गड्ढे में पड़ी छोटू की लाश के पैर बंधे हुए थे। उसका पैंट और अंडरगारमेंट नीचे तक सरका हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले छोटू कुमार के साथ मारपीट की गई है, क्योंकि उसके शरीर पर पिटाई के निशान भी मिले हैं। इसके बाद उसके पैर को बांध दिया गया और फिर गले पर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या की गई।हालांकि, जहां लाश मिली है, वहां संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि कहीं और हत्या के बाद लाश को यहां लाकर फेंका गया है। हालांकि, पुलिस अभी इन बिंदुओं पर कुछ भी स्पष्ट नहीं बता रही है। पुलिस का कहना है कि ये सभी पॉइंट्स जांच के विषय हैं।
गया में सत्यम ने ली थी अमेजन डिलीवरी पॉइंट की फ्रेंचाइजी
मृतक के ममेरे भाई राजेश कुमार ने बताया कि सत्यम ने गया में अमेजन डिलीवरी पॉइंट की फ्रेंचाइजी ली थी। सत्यम दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए 3 दिन पहले ही घर आया था। गांव के ही छेदी तांती के बेटे दीपक की गुरुवार रात को शादी थी, जिसमें बारात खगड़िया जिला के बेला जाना था।सत्यम ने अपनी मां को कहा था कि बारात जाना है और शाम करीब 5 बजे अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। इसके बाद रात में 8:30 बजे तक दूल्हे की गाड़ी सजाता रहा। 9 बजे जब उसके पिता ने फोन किया तो मोबाइल स्विच ऑफ था।
सत्यम के दोस्त दीपक के घर जब जानकारी ली गई तो कहा गया कि बारात गया है। लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ रहने के कारण खोजबीन की गई तो पता चला कि सत्यम बारात में गया ही नहीं है। आज थाना प्रभारी की ओर से जानकारी दी गई कि एक लाश पड़ी हुई है। फिर देखने गए तो सत्यम उर्फ छोटू की लाश घर से करीब 4 किलोमीटर दूर गौड़ा बहियार में पड़ी हुई थी।सत्यम के गले से सोने का चेन, बाइक और मोबाइल गायब मिला। उसके पास कुछ कैश भी था। गर्दन पर पीछे से एक छेद मिला, शायद गोली मारकर हत्या की गई है।
गांव की लड़की से प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका
जिसने लाश की पहचान की, उसके मुताबिक छोटू का गांव की ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हो सकता है कि रात को जब छोटू अपनी प्रेमिका से मिलने गया हो तो लड़की के परिजन ने उसे देख लिया हो और हत्या के बाद लाश को यहां फेंक दिया हो।
उधर, तेघड़ा डीएसपी डॉ. रविंद्र मोहन प्रसाद ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। FSL टीम को भी बुलाया गया है। प्रथम दृष्टया लग रहा है कि कहीं अन्य जगह धारदार हथियार से हत्या करने के बाद लाश को यहां लाकर फेंका गया है। सभी पहलुओं पर जांच-पड़ताल चल रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
