Patna

गिरिराज की हिंदू स्वाभिमान यात्रा पर जदयू को ही ऐतराज, राजद-कांग्रेस भी विरोध में

पटना.केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह की ‘हिंदू स्वाभिमान यात्रा’ पर भाजपा की सहयोगी जदयू के नेता को ही तल्ख ऐतराज है। राजद व कांग्रेस ने तो यात्रा का खासा विरोध किया ही। यह यात्रा 18 अक्टूबर से शुरू होगी। गिरिराज ने इसके मकसद बताए-देश के हिंदू-सनातनी को एकजुट करना।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

उन्होंने कहा कि वे (हिंदू) बंटेंगे, तो कटेंगे। आखिर इसका विरोध क्यों हो रहा है? वे बोले तेजस्वी यादव यात्रा निकाले, प्रशांत किशोर निकाले, किसी के पेट में दर्द नहीं हुआ, फिर हमारी यात्रा पर ऐतराज क्यों? वे लोग तो वोट के लिए यात्रा निकाले या यात्रा पर हैं। कोई मुसलमानों को अपने साथ जोड़ने में लगा है, तो कोई किसी और तबके को। हमारा आयोजन तो धार्मिक है। भाजपा के विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि हम सभी इस यात्रा के पक्ष में हैं। इसे कामयाब बनाएंगे।

 

गिरिराज सिंह की बातों को बहुसंख्यक समुदाय नोटिस नहीं करता

 

इधर, भाजपा की सहयोगी पार्टी जदयू के वरीय नेता गुलाम रसूल बलियावी ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा है कि गिरिराज सिंह की बातों को नोटिस देश का बहुसंख्यक समुदाय भी नहीं लेता। ये तो बुजदिल आदमी का काम है, जो अपने फायदे के लिए धर्म के नाम पर हिंदू और मुसलमान को लड़ाने की कोशिश करता है। न मुसलमान डरा है हिंदू से, न हिंदू डरा है मुसलमान से। ये नेता लोग डरता है कि कहीं उसकी सत्ता न खिसक जाए। अरे, हिम्मत है नौकरी-रोजगार को एजेंडा बनाओ। बताओ कि कितनों को नौकरी-रोजगार दिया? उनके अनुसार अंग्रेजों से स्वतंत्रता सेनानियों को धर्म के नाम पर बांटने के लिए हिंदू चाय, मुसलमान चाय शुरू किया। भारतीयों ने दोनों को मिलाकर हिंदुस्तान चाय कर दिया। यह बिहार है।

 

18 अक्टूबर को भागलपुर से शुरू होगी यात्रा

 

‘हिंदू स्वाभिमान यात्रा’ 18 अक्टूबर को भागलपुर से शुरू होगी। पहले चरण के तहत 19 को कटिहार, 20 को पूर्णिया, 21 को अररिया तथा 22 अक्टूबर को किशनगंज में यात्रा पहुंचेगी। इसे गैर राजनीतिक अभियान बताया गया है। इसकी कामयाबी के लिए हिंदू समाज से सहभागिता की अपेक्षा की गई है।

 

विधानसभा चुनाव आया है। भाजपा गिरिराज सिंह को आगे करके समाज में नफरत फैलाने की कोशिश में है। यह नाटक बंद हो। इसी में गिरिराज सिंह की भलाई है। -प्रेमचंद्र मिश्रा, कांग्रेस के वरीय नेता।यह नफरत पैदा करने वाली यात्रा है। देखिएगा, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। मेरी गारंटी है कि वे तुरंत एक्शन लेंगे। नहीं लेंगे, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। -भाई वीरेंद्र, राजद के वरीय नेता।

 

ग्लोबल थिंकर व क्लाइमेट लीडर की उपाधि से विभूषित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भीषण ठंड में भी जनता से संवाद करते रहे हैं। अंग प्रदेश हो या सीमांचल, मंदिर हो या मस्जिद, नीतीश ने सभी तबके के लोगों, क्षेत्रों-स्थलों को गुलजार किया। बिहार में खुशनुमा माहौल के साथ विकास की नई इबारत लिखी। -नीरज कुमार, मुख्य प्रवक्ता प्रदेश जदयू

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!