कुंभ की तरह छठ पूजा दर्शन कराने की तैयारी: सरकार जल्द छठ पैकेज की करेगी घोषणा
पटना.काशी के कुंभ, महाराष्ट्र के गणपति उत्सव और पश्चिम बंगाल के दुर्गोत्सव की तरह देश भर के लोग अब बिहार के महापर्व छठ पूजा से रू-ब-रू हो सकेंगे। छठ पूजा के पूरे विधि-विधान में शामिल हो सकेंगे। इसकी तैयारी पर्टयन विभाग की तरफ से कराई जा रही है। इसकी घोषणा टूरिज्म डे पर विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने की।
उन्होंने कहा कि अन्य पैकेज की तरह अब विभाग की तरफ से छठ पूजा का पैकेज भी तैयार किया जा रहा है। इसमें बाहर के लोग बिहार आकर अनुभव ले सकेंगे। फिलहाल इसकी डिटेलिंग की जा रही है। बहुत जल्द विभाग की तरफ से इसकी घोषणा की जाएगी।
मंत्री ने बताया कि बिहार में पर्यटकों की संख्या एक बार फिर से सुधर गई है। अगर केवल 2024 की बात करें तो जुलाई महीने तक 2.67 लाख पर्यटक बिहार के अलग-अलग पर्यटन केंद्रों पर पहुंचे हैं। 2023 में देशी-विदेशी मिलाकर लगभग 5.46 लाख पर्यटक बिहार आए थे। जब तक कोविड के दौरान दो साल तक ये आंकड़ा बेहद नीचे चला गया था। 2021 में जहां मात्र 1046 पर्यटक आए थे तो 2022 में 86829 पर्यटक ही पहुंच सके थे।
रोहतासगढ़ और महामुंडेश्वरी जल्द शुरू होगा रोपवे
नीतीश मिश्रा ने इस दौरान एक सवाल का जवाब देते हुए कहा है कि रोहतासगढ़ किला रोहतास और महामुंडेश्वरी मंदिर में रोपवे की सुविधा जल्द पर्यटकों को मिलेगी। दोनों जगहों के लिए फॉरेस्ट क्लियरेंस मिल चुका है। अब बहुत जल्द इस पर काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा पुरौना धाम को विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही पटना में तीन बड़े-बड़े होटलों के बनने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जल्द इसके लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।
अगले 6 महीने में 17 महोत्सव का आयोजन कराएगा विभाग
वहीं, पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार ने बताया कि अगले 6 महीने में यानि अक्टूबर से लेकर मार्च महीने तक विभाग की तरफ से 17 महोत्सव का आयोजन कराया जाएगा। इसमें राजगीर महोत्सव, मिथिला लोक उत्सव महोत्सव, वाणावर महोत्सव, सूर्य महोत्सव, रोहतास गढ़ किला महोत्सव, कोशी महोत्सव, मेहन्दार महोत्सव जैसे अहम महोत्सव शामिल है।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
