Samastipur

समस्तीपुर में बकाया पैसा मांगने पर युवक को पोल से बांधकर पीटा: बाल-मूंछ काटी फिर लाठी-डंडे बरसाए

समस्तीपुर में शुक्रवार को ग्रामीणों ने एक युवक की बिजली पोल से बांधकर पिटाई कर दी। ग्रामीणों ने युवक पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए। आधे सिर के बाल और मूंछ काटकर बंधक बनाया। पीड़ित महेश कुमार का आरोप है कि वह शुक्रवार को अपने मालिक बैजनाथ शाह से मजदूरी का बकाया पैसा मांगने गया था, लेकिन बैजनाथ शाह के लोगों ने बंधक बनाकर उसकी पिटाई कर दी।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

वहीं, बैजनाथ शाह के बेटे संतोष कुमार शाह ने महेश पर घर में घुसकर महिलाओं के साथ छेड़खानी का आरोप लगाया है। संतोष का कहना है कि पैसे लेने थे तो वह पिता से लेता। लेकिन, वह जबरदस्ती घर में घुसकर महिलाओं से छेड़खानी करने लगा। जिसके बाद लोगों ने पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। घटना मथुरापुर थाना क्षेत्र के नागर बस्ती गांव की है।

 

मामले में पुलिस ने संतोष कुमार समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, पीड़ित युवक से भी पुलिस ने पूछताछ करने की बात कही है। सदर DSP विजय महतो ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। अगर युवक ने छेड़खानी की है तो उसके साथ अमानवीय व्यवहार करना ठीक नहीं है।

 

हलवाई का काम करता है महेश

 

नागर बस्ती गांव का रहने वाला महेश गांव के बैजनाथ शाह के यहां हलवाई का काम करता है। बैजनाथ हलवाई का ठेकेदार हैं। यहां उसका पुराना 8 हजार रुपए बकाया था। एक दिन पहले (5 सितंबर) को बैजनाथ से उसकी बात हुई थी। बैजनाथ ने फोन करके उसे शुक्रवार को अपने घर बुलाया।शुक्रवार को जब वह पैसा लेने के लिए बैजनाथ के घर पहुंचा, तो लोगों ने उसे बिजली के पोल से बांध दिया। लाठी-डंडे से उसकी पिटाई की। उसके आधे बाल और मूंछ भी काट दिए।

 

महेश के परिजनों ने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने महेश को बेहोशी की स्थिति में पाया। इसके बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

 

ठेकेदार के बेटे का आरोप- घर में घुसकर महिलाओं से छेड़खानी कर रहा था महेश

 

ठेकेदार के बेटे संतोष कुमार शाह का कहना है कि महेश का पैसे का लेनदेन उनके पिता बैजनाथ साह से है, लेकिन वह उसके घर घुस आया। घर की महिलाओं के साथ छेड़खानी की। इसके बाद हल्ला होने पर जुटे लोगों ने उसे पकड़ लिया। जिसके बाद लोगों ने उसे बिजली के पोल से बांध दिया और लाठी-डंडे से उसकी पिटाई की।

 

 

‘अमानवीय व्यवहार करना किस कानून में लिखा’

 

सदर डीएसपी 2 विजय महतो ने बताया, ‘घटना की सूचना पर तुरंत पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। इस मामले में संतोष शाह समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इससे पूछताछ की जा रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।’

 

युवक द्वारा छेड़खानी के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर युवक छेड़खानी के उद्देश्य से घर में घुसा था तो उसके साथ अमानवीय व्यवहार करना किस कानून में लिखा है। उसे पुलिस के हवाले करना चाहिए था।पीड़ित के बयान पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इस घटना में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। बाल काटे जाने का वीडियो भी प्राप्त हो गया है। इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!