बिहार में रेल परियोजनाओं के लिए 10,032 करोड़ मिला, बिहटा-औरंगाबाद रेल लाइन के लिए 30 कराेड़, 3 रेललाइन 4 ट्रैक वाली होंगी
पटना।लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पेश अंतरिम बजट में बिहार में रेल परियाेजनाओं की प्रगति के लिए 10,032 करोड़ का प्रावधान किया गया है। बजट 2024-25 में रेल पर आधारित संवाददाता सम्मेलन में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा रेलवे के लिए रिकॉर्ड धनराशि आवंटित की गई है।
बिहार में रेलवे के लिए आवंटित धनराशि का जिक्र करते हुए बताया कि इस साल रिकॉर्ड 10,032 करोड़ का एलोकेशन दिया गया है। बिहार में रेलवे का 98 प्रतिशत विद्युतीकरण किया जा चुका है। बिहार के 92 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रीडेवलप किया जा रहा है। इसमें 80 स्टेशनों पर काम शुरू हो चुका है।रेल कॉरिडोर योजना के तहत डबल लाइन फोर लाइन में, ट्रिपल लाइन सिक्स लाइन में और जो सिंगल लाइन हैं, वे डबल लाइन होंगे। 2030 तक सभी कार्य पूर्ण करने की योजना है। पटना के रास्ते पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से किऊल के बीच मेन लाइन, छपरा-कटिहार लाइन और सोन नगर से अंडाल के बीच फोर लेन हाेगा। सोन नगर-अंडाल लाइन में फोर लेन के लिए टेंडर हो चुका है। काम जल्द शुरू होगा। इस लाइन की लंबाई 304 किमी है, जिसमें 160 किमी लाइन झारखंड में है।
बिहार को और वंदे भारत-अमृत भारत ट्रेनें मिलेंगी
पूर्व मध्य रेल के जीएम अनिल कुमार खंडेलवाल ने संवाददाताओं से कहा कि बजट में यात्रियों की सुविधा, आराम और सुरक्षा बढ़ाने के लिए 40 हजार सामान्य रेल डिब्बों को वंदे भारत मानकों के अनुरूप बदलने की घोषणा की गई है। यही नहीं बिहार को जल्द ही और वंदे भारत व अमृत भारत ट्रेनें मिलेंगी।
बिहटा-औरंगाबाद रेल लाइन के लिए 30 कराेड़ बिहटा-औरंगाबाद रेललाइन परियोजना के लिए बजट में 30 करोड़ की राशि का प्रावधान किया गया है। पूमरे के जीएम ने बताया कि इस रेललाइन का फाइनल सर्वे चल रहा है। इसके बाद डीपीआर तैयार होगा। डीपीआर अप्रूव होने के बाद इस योजना के लिए अलग से राशि जारी होगी। इस रेललाइन के लिए फाइनल लोकेशन सर्वे फरवरी तक पूरा हो जाएगा।
योजनाओं के लिए राशि
दोहरीकरण के लिए 2719 करोड़
नई लाइन के लिए 1268 करोड़
आमान परिवर्तन के लिए 205 करोड़ रुपए
रेलवे ट्रैक नवीकरण के लिए 1000 करोड़ रुपए
विद्युतीकरण परियोजनाओं के लिए 138 करोड़ रुपए
उपभोक्ता सुविधाओं के विकास के लिए 780 करोड
आरओबी/आरयूबी के लिए 503 करोड रुपए
वर्कशॉप के लिए 123 करोड़
यातायात सुविधा के लिए 244 करोड़ राशि आवंटित की गई है।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
