कांवड़िया पथ का दलसिंहसराय एसडीओ ने किया निरीक्षण, 22 अगस्त तक व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
दलसिंहसराय, सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.23 अगस्त को झमटिया से जल उठाकर थानेश्वर स्थान जाने वाले कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी किशन कुमार ने कांवड़िया पथ का स्थल निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने के निर्देश दिए.एसडीओ ने अनुमंडल कार्यालय प्रकोष्ठ में कार्यपालक अभियंता विद्युत,कार्यपालक अभियंता आरसीडी समस्तीपुर/रोसड़ा समेत अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक किया. इसके उपरांत अधिकारियों के साथ कांवड़िया पथ का निरीक्षण किया.निरीक्षण के दौरान सड़क,बिजली और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं को चिन्हित किया गया.
निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक अभियंता विद्युत प्रमंडल दलसिंहसराय को कांवड़िया पथ में अवस्थित विद्युत पोल, ट्रांसफॉर्मर एवं जर्जर विद्युत तारों को 22 अगस्त की शाम तक दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया.वहीं कार्यपालक अभियंता आरसीडी समस्तीपुर एवं रोसड़ा को सड़क की मरम्मत कराने के साथ सड़क किनारे उगे रोड़े-कंकड़ एवं झाड़ियों की साफ-सफाई 22 अगस्त की शाम तक सुनिश्चित करने को कहा गया.
एसडीओ किशन कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कांवड़िया पथ का निरीक्षण कर सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को पैदल यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.निरीक्षण के दौरान कार्यपालक अभियंता विद्युत,आरसीडी से संबंधित सहायक अभियंता/कनीय अभियंता सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
