छह माह से अधर में लटका है पुल निर्माण, जानलेवा डायवर्सन से हादसों का खतरा
समस्तीपुर।पूसा रोड–गरूआरा मुख्य पथ पर चंदौली गांव स्थित जमुआरी नदी के पुराने पुल को तोड़कर नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण कार्य की धीमी गति के कारण करीब छह माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक केवल पुराने पुल को ही तोड़ा जा सका है। निर्माण स्थल पर पुल की जगह बड़ा गड्ढा बना हुआ है, जिसमें बारिश का पानी भर जाने से स्थिति और भी खतरनाक हो गई है।
वाहनों के आवागमन के लिए संवेदक द्वारा अस्थायी डायवर्जन बनाया गया है, लेकिन बारिश के दौरान यह मार्ग फिसलन भरा हो जाता है। इससे चारपहिया वाहन फिसलने के साथ-साथ बाइक, साइकिल सवार और पैदल राहगीरों के गिरने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब तक दर्जनों लोग इस डायवर्जन पर दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो चुके हैं। कुछ दिन पूर्व एक स्कॉर्पियो वाहन डायवर्जन से फिसलकर नदी में जा गिरा था। उस समय नदी सूखी होने के कारण वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। वहीं, कैंजिया गांव के एक बाइक सवार युवक की इसी गड्ढे में गिरने से मौत हो चुकी है, जिससे लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी ने सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की है।
निर्माण स्थल के दोनों ओर न तो बैरिकेडिंग की गई है और न ही किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। ऐसे में दिन-रात इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों की जान जोखिम में बनी हुई है। ग्रामीण सह जदयू के वरिष्ठ नेता गोपाल पटेल, चंदौली के पूर्व पंसस बिनोद गिरी, नथुनी सिंह, भोला सिंह आदि ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से पुल निर्माण कार्य में तेजी लाने, निर्माण स्थल पर तत्काल बैरिकेडिंग एवं चेतावनी संकेत लगाने तथा सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आगे किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
