Samastipur

चकोटी मठ मूर्ति चोरी मामले का खुलासा:पुलिस ने तीन को पकड़ा, छह मूर्तियां बरामद

समस्तीपुर: खानपुर थाना पुलिस ने 24 अवतार धाम चकोटी मठ मंदिर से हुई मूर्ति चोरी का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी की गई छह मूर्तियां, पूजा सामग्री और घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद कर लिया गया है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

जानकारी के अनुसार, यह चोरी 12 जुलाई को हुई थी। खानपुर थाना क्षेत्र स्थित 24 अवतार धाम चकोटी मठ मंदिर के गर्भगृह से अज्ञात चोरों ने भगवान की मूर्तियां और अन्य पूजा सामग्री चुरा ली थी। मंदिर के पुजारी महंत रामसेवक दास शास्त्री के लिखित आवेदन पर खानपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

 

तकनीकी साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से भगवान श्रीराम, माता जानकी, भगवान लक्ष्मण, हनुमान जी और लड्डू गोपाल सहित कुल छह मूर्तियां बरामद की गईं। इसके अतिरिक्त, पीतल की घंटियां, पूजा सामग्री, पीतल के बर्तन और अन्य चोरी का सामान भी जब्त किया गया है। घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने हाल के दिनों में समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम, हथौड़ी, खानपुर तथा दरभंगा जिले के बहादुरपुर (बहेड़ी/बिरौल थाना क्षेत्र) के कई मंदिरों में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस इन सभी मामलों की भी गहनता से जांच कर रही है।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघियाघाट निवासी नंदकिशोर महतो (40), छोटू कुमार (22) और गुड्डू कुमार (28) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, छोटू कुमार के खिलाफ सीतामढ़ी, बेगूसराय और अन्य स्थानों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि गुड्डू कुमार के विरुद्ध भी विभूतिपुर थाना में पहले से केस दर्ज है। तीनों की चोरी, डकैती और हथियार से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।इस सफल कार्रवाई में खानपुर थाना अध्यक्ष शिवपूजन कुमार, डीआईयू शाखा के कुणाल चंद्र, संजीवन पासवान, अमित कुमार, शैलेंद्र कुमार, धनंजय कुमार, प्रिंस भारत, संतोष कुमार, अविनाश कुमार, कुंदन कुमार और पंकज कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!