विद्यापतिधाम में श्रावणी मेले की तैयारी अंतिम चरण में:प्रशासन ने सुरक्षा पर दिया विशेष जोर
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर स्थित उगना महादेव मंदिर में श्रावणी मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मिथिलांचल के इस प्रमुख आस्था केंद्र पर श्रावण मास में हजारों शिवभक्तों की भीड़ उमड़ती है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करने की कवायद तेज कर दी है।
मंदिर समिति के अध्यक्ष सह एसडीओ किशन कुमार ने बताया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बनाकर युद्धस्तर पर काम चल रहा है। मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश मार्ग और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और कंट्रोल रूम की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से प्राथमिक उपचार केंद्र, चिकित्सकीय टीम और एंबुलेंस की तैनाती की तैयारी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
वरीय पुलिस उपाधीक्षक विवेक कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि मेले के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक रणनीति तैयार की है। मंदिर परिसर और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी।सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष योजना बनाई गई है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।
दोनों प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी संबंधित विभागों को समय से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष रत्न शंकर भारद्वाज ने बताया कि विद्यापतिधाम का श्रावणी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मिथिला की सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है।
हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इस बार भी मंदिर समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने में जुटी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उधर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का उपयोग करें, सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।अधिकारियों का कहना है कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास से इस वर्ष का श्रावणी मेला पहले से अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-हितैषी होगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
