मंसूरचक में कलश शोभायात्रा के साथ नौ दिवसीय महायज्ञ का भव्य शुभारंभ
Begusarai News: बेगूसराय जिले के मनसूरचक प्रखंड की गोविंदपुर-02 पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-2 स्थित अहियापुर शिव मंदिर में नौ दिवसीय महायज्ञ का श्रीगणेश भव्य कलश शोभायात्रा के साथ किया गया. शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और कुंवारी कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया.
झमटिया घाट से जल भरकर यज्ञ स्थल पहुंचे श्रद्धालु
गाजे-बाजे और भजन-कीर्तन के साथ निकली कलश शोभायात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए गंगा धाम झमटिया (बछवाड़ा) पहुंची. वहां विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराने के बाद श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरा और पुनः यज्ञ स्थल लौटकर पूजन अनुष्ठान में भाग लिया. पूरी यात्रा के दौरान जय श्रीराम और हर-हर महादेव के जयकारों से संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय बना रहा.
नौ दिनों तक गूंजेंगे वैदिक मंत्र, होंगे धार्मिक प्रवचन
कलश शोभायात्रा का नेतृत्व पंचायत के मुखिया राममूर्ति चौधरी, फूलकांत मिश्रा सहित यज्ञ समिति के सदस्यों ने किया. इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान फूलकांत मिश्रा और राममूर्ति चौधरी हैं. महायज्ञ के वैदिक अनुष्ठान का संचालन आचार्य बलराम झा, विकास मिश्रा, मणिकांत मिश्रा सहित विद्वान पंडितों द्वारा किया जा रहा है. आचार्यों ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में प्रतिदिन हवन, विशेष पूजन, वैदिक मंत्रोच्चारण, धार्मिक प्रवचन और संध्या भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
