रिटायर्ड कर्मचारी-दवा दुकानदार की बेटी-बेटे ने नीट क्वालीफाई किया
समस्तीपुर प्रखंड कार्यालय से रिटायर्ड कर्मचारी और दवा दुकानदार के बेटे-बेटी ने नीट क्वालीफाई किया है। शहर के काशीपुर स्थित शिक्षण संस्थान पर शिक्षकों ने दोनों को सम्मानित किया।नीट क्वालीफाई करने वाली सेमी फिरोज के पिता मोहम्मद एमडी फिरोज समस्तीपुर प्रखंड कार्यालय से सेवानिवृत्त हैं। जबकि, शहर के ताजपुर रोड के दवा दुकानदार वीरेंद्र मोहन के बेटे आदर्श ने तीसरे प्रयास में सफलता पाई है।
सफल दोनों बच्चों को शहर के शिक्षा वाटिका परिसर में सम्मानित किया गया। इस मौके पर सहपाठियों की ओर से जमकर आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया गया।
इस मौके पर सफलता पाने वाले आदर्श देव ने कहा कि उन्हें तीसरी प्रयास में सफलता मिली है। उनके पिता वीरेंद्र मोहन दवा दुकानदार हैं। कोटा जाने की हैसियत नहीं थी। समस्तीपुर में रहकर तैयारी की।संस्थान के शिक्षकों का सही मार्गदर्शन मिला, तो आज सफलता मिली है। मेडिकल के लिए कोटा जाकर तैयारी करने की सोच रहे छात्रों के लिए उन्होंने कहा कि अगर लगन से मेहनत किया जाए, तो सफलता समस्तीपुर में भी मिलती है।
कंफ्यूजन दूर करने के लिए यूट्यूब का भी सहारा लिया
सेमी फिरोज ने कहा कि उनके पिता सेवानिवृत हो चुके हैं। उन्होंने घर में रहकर संस्थान के शिक्षकों के निर्देशन में तैयारी की, तो आज उन्हें सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि एक दिन के मेहनत से सफलता नहीं मिलती, इसके लिए लगातार मेहनत करनी पड़ती है, फिर सफलता मिलती है।पढ़ाई के लिए समय का कोई निर्धारण नहीं होता है। जब और जितना मन करें, उतनी पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाई। उनका सोशल मीडिया पर अकाउंट नहीं है, सिर्फ कंफ्यूजन दूर करने के लिए यूट्यूब का भी सहारा लिया।
शिक्षक एन के सिंह ने कहा कि समस्तीपुर में भी बेहतर शिक्षक हैं। यहां पररहकर भी मेडिकल इंजीनियरिंग में सफलता पाई जा सकती है। इसके लिए बच्चों को लग्न के साथ अपने शिक्षक की ओर से बताए गए निर्देशन में पढ़ाई करनी चाहिए, तो सफलता अवश्य मिलती है। नीट में सफलता पाने वाले बच्चों ने अपने परिवार और जिले का मान बढ़ाया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
