देर रात हुई बारिश,समस्तीपुर सहित 17 जिलों में अलर्ट:अगले 2 दिनों तक मानसून रहेगा एक्टिव
पटना में शनिवार देर रात मौसम बदला और गरज-चमक के साथ के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। इससे गर्मी से जूझ रहे राजधानी के लोगों को बड़ी राहत मिली।आज यानी रविवार को बगहा में सुबह से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बिहार के 17 जिलों में हैवी रेन और 20 जिलों में बारिश की संभावना है। इसको लेकर मौसम विज्ञान केंद्र ने ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में आकाशीय बिजली भी गिरने की आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटे राज्य के अधिकतर हिस्सों में मानसून एक्टिव रहेगा। खासकर दक्षिण-मध्य बिहार के जिलों में ज्यादा असर दिखेगा।
सात दिन बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट आने और अगले सात दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन के साथ बारिश की संभावना जताई है।इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। साथ ही गया, नवादा, बेगूसराय, पश्चिम चंपारण, रोहतास और औरंगाबाद सहित कई जिलों में भारी बारिश अलर्ट जारी किया गया है।
55 प्रतिशत कम बारिश हुई
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, 18 जुलाई तक बिहार में कुल 206.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि समान्य रूप से 371.7 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी।इस तरह से राज्य में अभी 55 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि, अगले दो दिनों तक भारी बारिश की संभावना है।
पटना में चार दिनों तक मौसम में बदलाव नहीं
पटना में अगले चार दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, शहर में बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। बीच में कभी हल्की बारिश हो सकती है।
कहीं तेज बारिश तो कहीं छाए रहे बादल
बिहार के कई जिलों में शनिवार को तेज बारिश हुई। जिसमें लखीसराय, शिवहर, नालंदा, जमुई, कटिहार, सासाराम और बेगूसराय शामिल है। इससे पहले बगहा, पूर्णिया, अररिया, बक्सर, जहानाबाद में तेज बारिश हुई। पटना, सीवान समेत कई जिलों में बादल छाए रहे। नालंदा में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई थी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
