Begusarai

बेगूसराय में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़,भारी मात्रा में हथियार बरामद

Begusarai News : बलिया थाना क्षेत्र के बरबीघी गांव स्थित बहियार में शनिवार को एसटीएफ और बलिया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मौके से बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियारों के साथ हथियार बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

गुप्त सूचना पर एसटीएफ और पुलिस ने की संयुक्त छापेमारी

डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई. सूचना मिली थी कि बरबीघी बहियार में अवैध रूप से देसी हथियारों का निर्माण किया जा रहा है. सूचना का सत्यापन करने के बाद एसटीएफ और बलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि घेराबंदी कर फैक्ट्री संचालक और दो कारीगरों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया.

 

फैक्ट्री संचालक समेत तीन आरोपित गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बरबीघी गांव निवासी स्वर्गीय हरखोरी महतो के पुत्र बालेश्वर महतो के रूप में हुई है, जो कथित रूप से फैक्ट्री का संचालन कर रहा था. वहीं, कारीगरों की पहचान मुंगेर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बरदह निवासी स्वर्गीय मोहम्मद गुलशेर आलम के पुत्र मोहम्मद अशीम उर्फ टारजन तथा स्वर्गीय मोहम्मद कमरुद्दीन के पुत्र मोहम्मद शमशार के रूप में की गई है.

 

हथियार, उपकरण और नकदी बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो निर्मित देसी पिस्तौल, चार मैगजीन, चार अर्धनिर्मित पिस्तौल, दो देसी कट्टा, एक देसी सिंगल गोली, दो देसी मशीन, एक ड्रिल मशीन, 12 रेती, तीन बोरिंग मशीन, दो हेक्सा ब्लेड तथा 46 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं. हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं.

 

हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि बरामद हथियारों और उपकरणों की जांच की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि तैयार हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं. पुलिस संभावित सरगनाओं की पहचान करने में जुटी है.

 

आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने बरामद सभी सामान जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. पुलिस इस कार्रवाई को अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़ी सफलता मान रही है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!