कोचिंग जा रही इंटर की छात्रा को मुर्गी लदे पिकअप ने मारी ठोकर, घायल
मुजफ्फरपुर।मोतिहारी, तुरकौलिया. तुरकौलिया-छपवा मुख्य सड़क पर कोरैया मस्जिद के समीप शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मुर्गी लदे पिकअप वाहन ने साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रही छात्रा को ठोकर मार दी. हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से छात्रा को वाहन के नीचे से बाहर निकालकर तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. घायल छात्रा की पहचान जयसिंहपुर चिलराव गांव निवासी राजेंद्र सिंह की 19 वर्षीय पुत्री सलोनी कुमारी के रूप में हुई है.
बताया जाता है कि सलोनी साइकिल से कोचिंग पढ़ने के लिए तुरकौलिया जा रही थी. इसी दौरान तुरकौलिया से छपवा की ओर जा रहे मुर्गी लदे पिकअप ने कोरैया मस्जिद के समीप उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा पिकअप के नीचे दब गई. घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद छात्रा को वाहन के नीचे से सुरक्षित बाहर निकाला.
इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मोतिहारी स्थित रहमानिया मेडिकल सेंटर रेफर किया गया. फिलहाल वहां उसका इलाज जारी है. परिजनों के अनुसार सलोनी कुमारी गर्ल्स हाई स्कूल, नया टोला में इंटर की छात्रा है और नियमित रूप से कोचिंग के लिए तुरकौलिया आती-जाती थी. घटना के बाद परिवार में चिंता का माहौल है. वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित पुलिस गश्त की मांग की है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
