सात फेरे के बाद दुल्हन फरार, परिजन भी गायब:युवक ने दर्ज कराई ठगी की शिकायत
गया जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव में शादी के कुछ घंटे बाद ही दुल्हन और उसके परिजन गायब हो गए। पीड़ित दूल्हे ने इसे ठगी बताते हुए बेलागंज थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
राजस्थान के टोंक जिले के निवासी संजय पटवा सोमवार रात अपने परिवार के साथ दरियापुर गांव शादी करने पहुंचे थे। आरोप है कि शादी से पहले दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच पैसों का लेन-देन हुआ था। दूल्हे ने दुल्हन को मंगलसूत्र, अंगूठी, पायल और अन्य शादी के सामान दिए। इसके अतिरिक्त, दुल्हन पक्ष के एक मोबाइल नंबर पर 1 लाख 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे।
रात में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह की सभी रस्में पूरी की गईं। दोनों पक्षों की सहमति से मंगलवार सुबह दुल्हन की विदाई तय हुई थी। शादी के बाद दूल्हा और उसके परिजनों को गांव में एक तय स्थान पर ठहराया गया था।मंगलवार सुबह जब विदाई की तैयारियां शुरू हुईं, तो ग्रामीणों ने बताया कि दुल्हन के घर पर ताला लगा हुआ है। मौके पर पहुंचने पर दूल्हे और उसके परिजनों ने देखा कि घर के सभी सदस्य गायब थे। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी और बेलागंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि उन्हें इस संबंध में आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
