वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया में चयन पर समस्तीपुर में जश्न
समस्तीपुर :युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 वर्ष की उम्र में वह उपलब्धि हासिल कर ली है, जिसका सपना लाखों युवा क्रिकेटर देखते हैं. भारतीय पुरुष टी-20 टीम में उनके चयन ने पूरे देश, खासकर बिहार व समस्तीपुर में खुशी और गर्व की लहर दौड़ा दी है. आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी-20 श्रृंखला तथा सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों के लिए चुनी गई भारतीय टीम में वैभव को शामिल किया गया है।
क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यह चयन केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य की घोषणा है. चयन के समय वैभव की उम्र मात्र 15 वर्ष 71 दिन है। यदि उन्हें आगामी मुकाबलों में प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है, तो वे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे युवा पुरुष क्रिकेटर बन जाएंगे. यह उपलब्धि उन्हें भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे खास खिलाड़ियों की सूची में शामिल कर देगी. वैभव सूर्यवंशी के ऐतिहासिक चयन की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव ताजपुर प्रखंड के मोतीपुर पहुंची, पूरा गांव उत्साह और गर्व से झूम उठा.गांव का माहौल किसी त्योहार से कम नहीं रहा. बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी अपने इस “गांव के लाल” की सफलता पर गर्व महसूस करते दिखे। ग्रामीणों का कहना है कि वैभव ने यह साबित कर दिया है कि छोटे गांवों की प्रतिभा भी बड़े मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती है।ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी का इजहार किया.
वैभव सूर्यवंशी वर्तमान में श्रीलंका में आयोजित त्रिकोणीय श्रृंखला में भारत A टीम का प्रतिनिधित्व भी कर रहे हैं. इस श्रृंखला में वे देश के उभरते खिलाड़ियों के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव प्राप्त कर रहे हैं. क्रिकेट विशेषज्ञों के अनुसार, यह दौरा उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यहां उन्हें विदेशी पिचों और मजबूत टीमों के खिलाफ खुद को साबित करने का अवसर मिल रहा है. उनके प्रदर्शन पर चयनकर्ताओं की भी पैनी नजर बनी हुई है।
उधर, समस्तीपुर के पटेल मैदान स्थित क्रिकेट अकैडमी में भी खुशी का माहौल देखने को मिला, जहां वैभव ने शुरुआती क्रिकेट प्रशिक्षण प्राप्त किया था। उनके शुरुआती कोच ने अकैडमी के खिलाड़ियों के साथ मिठाई बांटकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। उन्होंने कहा कि वैभव शुरू से ही बेहद अनुशासित, मेहनती और आक्रामक बल्लेबाज रहे हैं, जिनमें बड़े स्तर पर खेलने की क्षमता बचपन से ही दिखाई देती थी।
गौरतलब है कि घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव ने कम उम्र में रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार का प्रतिनिधित्व किया. भारतीय अंडर-19 टीम में चयन के बाद ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ 58 गेंदों में शतक जड़कर उन्होंने सुर्खियां बटोरीं. अंडर-19 विश्व कप में भी उनका प्रदर्शन चर्चा का विषय रहा. आईपीएल 2025 की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.10 करोड़ रुपये में अपनी टीम से जोड़ा. इसके बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी गेंदबाजों के खिलाफ निडर बल्लेबाजी कर पहचान बनाई.
गुजरात टाइटंस के खिलाफ 35 गेंदों में शतक जड़कर उन्होंने क्रिकेट जगत को चौंका दिया और युवा क्रिकेटरों में नई सनसनी बन गए. वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने भावुक होकर कहा कि यह पल उनके परिवार के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने बताया कि वैभव ने लगातार कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।पिता
ने इसे पूरे बिहार और देश के लिए गर्व का क्षण बताया. कहा हमें विश्वास है कि वैभव इंडिया-ए में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
