प्लेटफॉर्म-ट्रेन के गैप में फंसे 4 लोग,ट्रेन के 10 डिब्बे गुजर गए,बाल-बाल बची जान
समस्तीपुर के पटोरी रेलवे स्टेशन पर 4 लोग ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गए। इस दौरान ट्रेन चलती रही। करीब 10 डिब्बे गुजर गए। चारों लोग दुबक कर वहीं बैठे रहे।ट्रेन क्रॉस होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। सभी सुरक्षित थे। दरअसल, प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन के आगे से 3 महिलाएं और एक बच्ची रेलवे लाइन क्रॉस कर रही थी, तभी अचानक ट्रेन खुल गई।
बचने के लिए चारों पटरी और प्लेटफॉर्म के बीच बैठ गए। हालांकि, इस घटना में तीनों महिलाओं को चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि 9 लोग रेलवे लाइन क्रॉस कर रहे थे। इसमें पांच लोग सुरक्षित रेलवे लाइन पार कर चुके थे। लेकिन 3 महिलाएं और एक बच्ची पीछे रह गई थी।घायल महिलाओं की पहचान रोसड़ा के रहने वाली ममता देवी (48), जयमाला देवी (45) और सोनाली कुमारी (20) के रूप में हुई है।परिजन सविता देवी ने बताया कि सभी लोग एक शादी समारोह में गए थे, जहां से घर लौट रहे थे। हमलोग ऑटो से पटोरी रेलवे स्टेशन के पास रेलवे गुमटी के पास पहुंचे। यहां से रेलवे लाइन पार कर रहे थे, तभी यह घटना हुई।
किस्मत अच्छी रही कि चारों महिलाओं की जान बच गई, लेकिन ममता देवी, जयमाला देवी और सोनाली कुमारी घायल हो गईं हैं।स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
महिला का सिटी स्कैन कराया जा रहा है
इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉक्टर संतोष कुमार झा ने बताया कि ममता देवी और सोनाली कुमारी को शरीर में कई जगह चोटें आई हैं, जबकि जयमाला देवी के दाहिने हाथ और पैर में गंभीर जख्म हैं। जयमाला देवी का सिटी स्कैन और एक्स-रे कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे का इलाज किया जाएगा।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल से हादसे की जानकारी मिली है। मामले को लेकर नगर थाने में तैनात पुलिस पदाधिकारी हरी लाल यादव को अस्पताल भेजा गया है। घायलों का बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
