उजियारपुर में नाबालिग की पीट-पीटकर हत्या:गांव के लड़कों ने मोबाइल चोरी का आरोप लगाया
समस्तीपुर के उजियारपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी के आरोप में 16 साल के नाबालिग की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि नाबालिग को सिगरेट से दागा गया और लोहे की रॉड से पीटा गया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है।मृतक की पहचान उजियारपुर थाना क्षेत्र के नाजिरपुर वार्ड संख्या-1 निवासी प्रदीप दास के 16 वर्षीय पुत्र दर्शन कुमार के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
मृतक के चाचा बोले- गांव के लड़कों ने मोबाइल चोरी का आरोप लगा की पिटाई
मृतक के चाचा गोलू कुमार ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम गांव के कुछ युवक दर्शन कुमार को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। उन पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाते हुए अमानवीय तरीके से मारपीट की गई। आरोप है कि युवकों ने दर्शन के हाथ-पैर सिगरेट से दागे और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। गंभीर रूप से घायल करने के बाद उसे मकई के खेत में फेंक दिया गया।
कुछ स्थानीय लोगों ने घायल किशोर को देखा और उसे घर पहुंचाया। परिजनों ने आर्थिक तंगी के कारण रविवार से ही घर पर उसका इलाज शुरू कर दिया था। मंगलवार को जब उसकी हालत बिगड़ने लगी, तो परिवार उसे बड़े अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इसी दौरान दर्शन कुमार की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही उजियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
इस मामले को लेकर उजियारपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि युवक के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत होने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। एक मामूली आरोप में जिस तरह एक किशोर के साथ बर्बरता की गई, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
