रेलवे 15 मई से लीची पार्सल बुकिंग शुरू करेगा: अलग-अलग राज्यों में ट्रेन से भेजा जाएगा
मुजफ्फरपुर की मशहूर शाही लीची अब रेलवे से देश के बड़े शहरों तक पहुंचेगी। रेलवे ने 15 मई से लीची पार्सल बुकिंग शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। इस बार किसानों और कारोबारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि लीची तेजी से और ताजा हालत में मुंबई समेत अन्य शहरों तक पहुंच सके।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार जंक्शन परिसर में धर्मशाला चौक के पास इंजीनियरिंग विभाग की नई बिल्डिंग के सामने बुकिंग कार्यालय बनाया गया है। यहीं पर किसान और व्यापारी अपनी लीची का वजन कराकर बुकिंग करा सकेंगे। इसके बाद सामने स्थित सैलून साइडिंग में खड़ी वीपी यानी वैन पार्सल में लीची की लोडिंग की जाएगी।
रेलवे की योजना के मुताबिक पवन एक्सप्रेस के मुजफ्फरपुर जंक्शन पहुंचने पर पार्सल वैन को ट्रेन से जोड़ा जाएगा, जिसके जरिए लीची की खेप मुंबई भेजी जाएगी। हर साल बड़ी मात्रा में मुजफ्फरपुर की शाही लीची महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में जाती है और इस बार भी रिकॉर्ड खेप भेजे जाने की संभावना जताई जा रही है।
रेलवे ने इस बार भुगतान व्यवस्था को भी आसान बनाया है। पार्सल इंचार्ज भरत कुमार ने बताया कि कारोबारियों को भुगतान में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। नगद के साथ-साथ डिजिटल पेमेंट की भी सुविधा दी गई है। कारोबारी क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे रेलवे के खाते में भुगतान कर सकेंगे।रेलवे की इस पहल से लीची कारोबारियों और किसानों में उत्साह है। कारोबारियों का कहना है कि समय पर बुकिंग और तेज पार्सल सेवा मिलने से मुजफ्फरपुर की शाही लीची देशभर के बाजारों तक ताजा और बेहतर गुणवत्ता में पहुंच सकेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
