मुर्गा फार्म की आड़ में बन रही थी जहरीली शराब: गिरफ्तारी के बाद खुलासा
मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जहरीली शराब बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। ये फैक्ट्री करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव में एक मुर्गा फार्म की आड़ में संचालित की जा रही थी। कारोबारी इस मुर्गा फार्म में नकली जहरीली शराब बनाकर उस पर ब्रांडेड विदेशी शराब का लेबल लगाकर बाजार में सप्लाई कर रहे थे।
उत्पाद निरीक्षक दीपक कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार शाम पताही एयरपोर्ट के पास एक ऑटो ड्राइवर को पकड़ा गया। जांच के दौरान ऑटो से होम्योपैथी दवा की बोतलों में भरी स्प्रिट बरामद हुई। पूछताछ में ड्राइवर संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद उसकी निशानदेही पर मोहम्मदपुर खाजे गांव में चल रही अवैध शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
गिरफ्तार ऑटो ड्राइवर की पहचान मुसहरी थाना क्षेत्र के सलहा गांव के रहने वाले सूरज पासवान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जिस मुर्गा फार्म में यह फैक्ट्री चल रही थी, वह मोहम्मदपुर खाजे निवासी सुमित पटेल का है। मामले में उसके 2-3 अन्य साथियों की भी संलिप्तता सामने आई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
छापेमारी के दौरान उत्पाद टीम ने भारी मात्रा में स्प्रिट, ब्रांडेड विदेशी शराब की खाली बोतलें, ढक्कन, लेबल, रंग और सील बरामद किए हैं। कारोबारी शराब की गुणवत्ता जांचने के लिए एडवांस अल्कोहल मीटर का भी इस्तेमाल कर रहे थे।उत्पाद निरीक्षक ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस स्प्रिट से तैयार की जाने वाली शराब बेहद खतरनाक है। इसके सेवन से लोगों की आंखों की रोशनी जा सकती है और गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
