32 नंबर रेलवे गुमटी पर निर्माणाधीन ROB को लेकर निजी भूमि स्वामियों को मुआवजा प्रक्रिया में तेजी,टीम ने किया स्थल निरीक्षण
दलसिंहसराय,शहर के 32 नंबर रेलवे गुमटी के समीप बन रहे रोड ओवरब्रिज (आरओबी) से जुड़ी निजी भूमि के भू-स्वामियों को मुआवजा दिलाने की दिशा में प्रशासन ने प्रक्रिया अब तेज कर दी है.इसके लिए गठित छह सदस्यीय टीम ने सोमवार को आरओबी निर्माण स्थल पर पहुँचकर विस्तृत निरीक्षण किया.निरीक्षण करने वाली टीम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार,भू अर्जन पदाधिकारी प्रवीण कुमार,डीसीएलआर प्रशांत कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल थे.
टीम ने चिह्नित भूखंडों के उपयोग, मौजूदा संरचनाओं और प्रभावित क्षेत्र की प्रकृति का भौतिक सत्यापन किया.बताया गया कि समिति अपनी रिपोर्ट तैयार कर वरीय पदाधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करेगी,जिसके आधार पर मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा.
ओवरब्रिज निर्माण कार्य दलसिंहसराय के 32 नंबर रेलवे गुमटी पर तेज रफ्तार से चल रहा है.इसके पूरा होने पर क्षेत्र में रेल फाटक पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.साथ ही भारी वाहनों की निर्बाध आवाजाही और शहर के भीतर यातायात व्यवस्था में सुधार की संभावना जताई जा रही है.
ओवरब्रिज निर्माण को लेकर सड़क चौड़ीकरण,सर्विस लेन, एप्रोच रोड और ड्रेनेज व्यवस्था के लिए आसपास की निजी भूमि के अधिग्रहण की आवश्यकता बताई जा रही है. इसको लेकर प्रशासन ने मुआवजा प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के अधिकारियों की छह सदस्यीय समिति गठित की है.यह समिति भूमि की प्रकृति, संभावित विस्थापन, वैकल्पिक मार्ग और जनसुविधाओं पर प्रभाव का आकलन कर रही है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
