Samastipur

समस्तीपुर में पैथोलॉजी लैब मालिक की मिली लाश:हत्या की आशंका, सड़क जाम

समस्तीपुर के बिथान थाना क्षेत्र के हसनपुर सखवा सड़क के गंगासागर पुल के पास बुधवार को पैथोलॉजी लैब के मालिक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिथान थाना क्षेत्र के सखवा गांव निवासी भिखु यादव के पुत्र अनीश कुमार 20 वर्ष के रूप में की गई है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और सड़क पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब 3 घंटे तक सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।मृतक के परिजन और स्थानीय लोगों ने इसे हत्या का मामला बताया और घटनास्थल पर एसपी को बुलाने की मांग की।

 

परिजन के मुताबिक, अनीश करीब 2 सालों से हसनपुर बाजार में पैथोलॉजी लैब चला रहा था। मंगलवार की रात रोजाना की तरह बुलेट बाइक से घर की ओर लौट रहा था। रात करीब 9 बजे तक जब घर नहीं पहुंचा तो अनीश को कॉल किया गया, लेकिन उसका मोबाइल बंद था।परिवार के लोगों को चिंता हुई, उसके काफी तलाश की गई, लेकिन देर रात तक अनीश के बारे में कुछ जानकारी नहीं मिल पाई। बुधवार को गंगासागर पुल के पास झाड़ियों में अनीश की बुलेट लोगों ने देखी, जिसके बाद परिजन को भी इसकी जानकारी मिली।

 

परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और जहां बाइक पड़ी थी, उसके आसपास खोजबीन की जाने लगी। कुछ ही देर में बाइक से कुछ दूर झाड़ियों में ही अनीश की लाश भी मिली। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। अनीश की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया और झाड़ी से शव को लाकर सड़क पर रख दिया और सड़क जाम कर दिया।

 

सड़क जाम की सूचना पर स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों के विरोध का उन्हें सामना करना पड़ा। सड़क जाम कर रहे लोगों ने मौके पर एसपी को बुलाने की मांग की। लोगों का कहना था कि ये हत्या का मामला है, दोषी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो।वहीं, घटनास्थल पर पहुंचे रोसरा के डीएसपी संजय सिन्हा ने कहा कि बिथान‌ थाना क्षेत्र में सड़क किनारे युवक की लाश मिली है। स्थानीय पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया है। लोगों ने सड़क जाम कर रखा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है कि मामला हत्या का है या फिर सड़क हादसे का।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!