New To India

दिल्ली में अप्रैल की प्रचंड गर्मी ने तोड़ा 72 साल का रिकॉर्ड, IMD का अलर्ट जारी, जानें- अन्य राज्यों का हाल

नई दिल्ली, एजेंसी। भीषण गर्मी और लू के कारण दिल्ली में तापमान बढ़ता जा रहा है। अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही गर्म हवा के थपेड़ों से लोग परेशान हैं। स्थिति यह है कि शनिवार को दिल्ली का औसत अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक है। ऐसे में अप्रैल के पहले पखवाड़े में ही गर्मी का 72 साल का रिकार्ड टूट गया। बता दें कि अप्रैल में सर्वाधिक अधिकतम तापमान वर्ष 1941 में दर्ज किया गया था। उस वर्ष 29 अप्रैल को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, दिल्ली के कई इलाकों में शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

इन राज्यों में आज भीषण लू की स्थिति बनीं रहेगी

स्काईमेट वेदर के मुताबिक आज राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण लू तथा बाकी हिस्सों में लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान, पंजाब के कुछ हिस्सों, दक्षिण हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और सौराष्ट्र और कच्छ के कुछ हिस्सों में गंभीर लू की स्थिति के साथ कई हिस्सों में लू की स्थिति संभव है। हिमाचल प्रदेश, झारखंड, बिहार और गुजरात के उत्तरी भाग और विदर्भ के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति संभव है।

आज और कल भी लू की चपेट में रहेगी राष्ट्रीय राजधानी

मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को भी दिल्ली लू की चपेट में रहेगी। मौसम विभाग ने रविवार के लिए आरेंज अलर्ट भी जारी किया है, यानी भीषण लू चलेगी। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सोमवार के बाद तीन दिन आकाश में बादल छाए रहेंगे। इससे लू से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन बारिश होने की उम्मीद नहीं है। 15 अप्रैल से दोबारा आकाश साफ होगा और गर्मी बढ़ेगी।

72 साल में अप्रैल के पहले पखवाड़े में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी

मौसम विभाग के विशेषज्ञ आरके जेनामणि ने कहा कि वर्ष 1951 से 2022 के बीच अप्रैल के पहले पखवाड़े में पहली बार औसत अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा है। इसलिए 72 साल में अप्रैल के पहले पखवाड़े में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी। इससे पहले वर्ष 2010 में अप्रैल के पहले पखवाड़े और इस बार आठ अप्रैल को गर्मी अधिक थी। बता दें कि आठ अप्रैल को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस था, जो वर्ष 2010 के बाद सबसे अधिक था। शनिवार की गर्मी ने इस रिकार्ड को भी तोड़ दिया। वर्ष 1951 के पहले के तापमान का डाटा मौसम विभाग के पास मौजूद नहीं है।

दिल्ली के रिज एरिया और स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स रहा सबसे गर्म

दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य है। रिज एरिया और स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स के इलाके में गर्मी सबसे अधिक रही। इन दोनों इलाके में अधिकतम तापमान 43.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से नौ डिग्री सेल्सियस अधिक है।

पांच साल में सबसे गर्म अप्रैल का महीना

पहले पखवाड़े की यदि बात छोड़ दें तो पांच सालों में अप्रैल का महीना इस बार सबसे अधिक गर्म है। 21 अप्रैल, 2017 को अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस था। इसके बाद अब तापमान सबसे अधिक 42.4 डिग्री सेल्सियस पहुंचा है।

मध्य प्रदेश के कई जिलों में अलर्ट जारी

मध्य प्रदेश का तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले दो दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने के आसार व्यक्त किए हैं। अप्रैल में अब तक कई जगहों पर पारा 41 डिग्री के पार दर्ज किया गया है। इसके अलावा कई हिस्सों में सीवियर लू चलने की आशंका जताई है। आईएमडी ने ग्वालियर, छिंदवाड़ा, सतना, टीकमगढ़, उज्जैन, जबलपुर, रीवा और शहडोल जैसे शहरों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

इन राज्यों में बारिश की संभावना

स्काईमेट वेदर के मुताबिक केरल, तमिलनाडु, सिक्किम, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। पूर्वोत्तर भारत के शेष हिस्सों, कर्नाटक, लक्षद्वीप, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिण छत्तीसगढ़, ओडिशा और उत्तर पूर्व बिहार में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश संभव है।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!