Patna

शिव महापुराण का श्रवण करना जीवन को पवित्र और सफल बनाना: श्यामसुन्दर

समस्तीपुर।मोहिउद्दीननगर।प्रखंड के कल्याणपुर बस्ती पुरब पंचायत के मिश्रटोल में चल रहे नौ दिवसीय शिव महापुराण कथा में दूसरे दिन काशी से पधारे प्रसिद्ध कथा वाचक श्री श्यामसुन्दर दास जी महाराज ने दिव्य प्रवचन दिया। उनके प्रवचन से पूरा वातावरण शिवमय हो उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में डूब गए।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

महाराज ने कहा कि शिव महापुराण का श्रवण करना जीवन को पवित्र और सफल बनाना है। यह कथा सनातन धर्म की सबसे श्रेष्ठ कथा है। इसके श्रवण से मन शांत होता है, पापों का नाश होता है और दुराचार समाप्त हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि आशुतोष भगवान शिव जब प्रसन्न होते हैं, तो भक्तों को अपनी दिव्य शक्ति प्रदान करते हैं, जिससे अविद्या और अज्ञान का अंधकार मिट जाता है।उन्होंने समझाया कि जैसे एक ही सूर्य अनेक जलाशयों में प्रतिबिंबित होता है, वैसे ही परमेश्वर शिव अनगिनत अंतःकरणों और मायाभेदों में प्रतिबिंबित होते हैं। वही विष्णु भक्तों को विष्णु रूप में, राम भक्तों को राम रूप में और शिव भक्तों को शिव रूप में दृष्टिगोचर होते हैं। इसीलिए, शिव और विष्णु मूलतः एक ही परम तत्व हैं।

 

महाराज ने आगे कहा कि भगवान शिव अखिल विश्व के उत्पादक, पालक और संहारक हैं। वे सर्वलोकाधिपति होकर भी वैराग्य को सर्वोत्तम मानते हैं। व्याघ्रचर्म धारण करने वाले भोलेनाथ संसार को यह संदेश देते हैं कि वैराग्य ही सच्चा सुख है। उन्होंने बताया कि भगवान शिव सच्चिदानंद मूर्ति, कल्याण स्वरूप एवं संपूर्ण सृष्टि के स्वामी हैं। वही इस जीव जगत के सर्जक हैं। जीव विषयों के बंधन में बंधा रहता है, और केवल शिव कृपा से ही वह उस पाश से मुक्त हो सकता है।

 

 

महाराज ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे जीवन की चिंताओं को छोड़कर “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” का जाप करें और भगवान शिव के प्रति श्रद्धा व विश्वास बनाए रखें। उन्होंने कहा कि शिव भक्ति मनुष्य को सांसारिक मोह से ऊपर उठाकर परम आनंद की अनुभूति कराती है। कथा स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा के दौरान भक्ति संगीत, शिव नाम संकीर्तन और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारा, पेयजल और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है।कार्यक्रम में यजमान गौरी शंकर मिश्र, अखिलेश ठाकुर, प्रभात कुमार राय, कुमुद कुमार केशव, बिट्टू राय, अनुजय कुमार, अरविन्द ठाकुर आदि का योगदान सराहनीय रहा।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!