दलसिंहसराय में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत:अंतिम संस्कार में जा रहा था
दलसिंहसराय अनुमंडल क्षेत्र में में एक सड़क हादसे में गुरुवार को बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दरअसल, युवक के चचेरे भाई का निधन हो गया था, जिसके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए संजीव बाइक से जा रहा था। इसी दौरान विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के आलमपुर सरमस्तपुर गांव के पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सरमस्तपुर गांव के बंगालीकांत झा के बेटे 46 साल के संजीव कुमार झा के रूप में की गई है। संजीव रायपुर में रहकर ग्लास कटिंग का काम करता था। संजीव रायपुर से छठ के मौके पर घर लौटा था और 6 नवंबर को हुई वोटिंग के लिए रुका था। उसे आज शाम की ट्रेन से वापस रायपुर जाना था, उसका टिकट भी कन्फर्म हो गया था।
आज सुबह पटीदार में चचेरे भाई की हुई थी मौत
घटना की सूचना पर पहुंची विद्यापति नगर थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए गुरुवार दोपहर सदर अस्पताल भेजा। घटना के संबंध में मृतक के चचेरे भाई अरविंद कुमार झा ने बताया कि उनका भाई संजीव रायपुर में रहकर शीशा कटिंग का कारोबार करता है। वह महापर्व छठ में घर लौटा था। मतदान के लिए वह रुक गया था। वापस जाने के लिए उसने टिकट भी कंफर्म कर रखा था। लेकिन इसी दौरान पाटीदार में चचेरे भाई महेश झा की मौत हो गई। सभी लोग उन्हें अंतिम संस्कार में ले जा रहे थे । संजीव पीछे से बाइक से आ रहा था।
उन्होंने बताया कि गांव के एक पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने संजीव की बाइक को टक्कर मार दी। संजीव कुछ देर तक घटनास्थल पर ही तपड़पता रहा। करीब 10 मिनट के बाद गांव के लोग उसे उठाकर सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद घटना की जानकारी विद्यापति नगर थाने की पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।
पुलिस बोली- अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है
दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि युवक की सड़क हादसे में मौत हुई है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घटना को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
