खेसारी चुनावी प्रचार में एक्टिव बोले हम 2 करोड़ नहीं तो 50 लाख रोजगार देंगे
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है. राजनीतिक दलों के बीच वार-पलटवार का सिलसिला भी तेज हो गया है. ऐसे में छपरा विधानसभा सीट से महागठबंधन के प्रत्याशी खेसारी लाल यादव एक बार फिर एनडीए पर हमलावर दिखे. दरअसल, मीडिया से बातचीत के दौरान खेसारी ने कहा, हम एक करोड़ नहीं तो 50 लाख रोजगार देंगे और इसका वादा करते हैं. कम से कम हम रोजगार की बात तो करते हैं लेकिन एनडीए ने तो रोजगार की बात तक करना छोड़ दिया है.
‘पीएम मोदी की मैं इज्जत करता हूं, लेकिन…’
खेसारी लाल यादव ने कहा, एनडीए को बस जंगलराज और धर्म की बातें करनी आती है. इस दौरान खेसारी ने पीएम नरेंद्र मोदी को अच्छा बताया और कहा कि मैं उनकी इज्जत अभी भी करता हूं. हालांकि, आगे खेसारी यह भी बोले, पीएम मोदी का विजन बिहार तक क्यों नहीं पहुंचता है. 15 साल से केंद्र में 20 साल से बिहार में एनडीए की सरकार है. लेकिन इसके बावजूद बिहार में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा.
‘बिहार को फैक्ट्रियां क्यों नहीं दी गई?’
आगे खेसारी लाल यादव ने यह भी कहा, हमें ट्रेनें दी गई लेकिन फैक्ट्रियां क्यों नहीं दी गई. गुजरात को आपने स्वर्ग बना दिया. बिहार को उसका आधा भी बना देंगे तो आभारी रहेंगे. अगर 20 साल सत्ता में रहने के बावजूद जंगलराज खत्म नहीं हुआ तो आखिर बदलाव कहां हुआ है. इस दौरान चुनावी प्रचार को लेकर खेसारी लाल यादव ने कहा, यहां के लोगों ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसे मैं आगे निभाऊंगा. अपने विधानसभा इलाके के विकास की बात खेसारी ने कही.
खेसारी चुनावी प्रचार में एक्टिव
मालूम हो, खेसारी लाल यादव लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं. छपरा विधानसभा में उनकी जनसभा के दौरान लोगों की भारी भीड़ जुट रही. इससे पहले खेसारी लाल यादव ने बिहार में बदलाव की बात कही थी. इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को मौका देने की अपील की थी. ऐसे में अब वे खुद भी चुनावी मैदान में हैं. इसके साथ ही वे एनडीए पर कई बार तंज कसते हुए भी दिख रहे हैं.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
