अशोक यादव की मौत के बाद बवाल, महिला ने DM का कॉलर पकड़ा,भारी संख्या में पुलिस बल तैनात
मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराजगढ़ में ग्रामीण अशोक यादव की मौत के बाद उपजा तनाव और बढ़ गया. मृतक के परिजनों से मिलने और सड़क जाम समाप्त कराने पहुंचे जिलाधिकारी आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार के साथ आक्रोशित लोगों ने दुर्व्यवहार किया. मृतक के घर पर बातचीत के दौरान एक महिला द्वारा डीएम का कॉलर पकड़ने की बात सामने आयी है. इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. सुरक्षा गार्डों ने दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला. स्थिति को देखते हुए जिले से भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी मौके पर पहुंचे.
प्रदर्शनकारियों से वार्ता के बाद मृतक के घर पहुंचे थे डीएम-एसपी
जानकारी के अनुसार, सड़क जाम से उत्पन्न समस्या के समाधान और मृतक के परिजनों से मिलने के लिए डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार दोपहर में बलिराजगढ़ पहुंचे थे. शुरुआत में डीएम ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण माहौल में बातचीत की.उन्होंने आरोपित पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया. इसके बाद डीएम और एसपी मृतक अशोक यादव के घर पहुंचे. वहां वे मृतक की पत्नी अश्मिता देवी से बात कर रहे थे. इसी दौरान अचानक एक महिला ने डीएम का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.
सुरक्षा गार्डों ने डीएम और एसपी को सुरक्षित बाहर निकाला
घटना के बाद डीएम और एसपी के सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला. घटनाक्रम के बाद इलाके में तनाव और बढ़ गया. इसके बाद एसडीएम चंदन कुमार झा अन्य अधिकारियों के साथ दोबारा बलिराजगढ़ पहुंचे.
500 से अधिक पुलिस जवान तैनात, आठ एसडीपीओ पहुंचे
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिले के विभिन्न इलाकों से भारी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया. जाम स्थल पर बिहार पुलिस और बीएमपी के 500 से अधिक जवान तैनात किये गये हैं. मधुबनी जिले के सभी सात एसडीपीओ के अलावा दरभंगा जिले के कमतौल अनुमंडल के एसडीपीओ भी मौके पर मौजूद हैं.गौरतलब है कि बलिराजगढ़ में पुलिस पिकेट पर तैनात एएसआई की गोली से ग्रामीण अशोक यादव की मौत के बाद से विवाद की स्थिति बनी हुई है. इसी घटना को लेकर स्थानीय लोग सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे थे. समाचार लिखे जाने तक इलाके में तनाव बना हुआ था और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी स्थिति पर नजर रखे हुए थे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
