पटना में खाद्य संरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 22 टन नकली मिठाई जब्त – कीमत 23 लाख से अधिक
पटना,दीपावली-छठ के बाद मिठाईयों में मिलावट को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार ने पटना में बड़ा सघन जांच अभियान चलाया। मंगलवार को हुई कार्रवाई में बिना लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठानों से हजारों किलो मिठाई जब्त कर नष्ट की गई, एक दुकान को बंद करने का आदेश दिया गया और दो को सुधार नोटिस जारी किया गया।
*1. पवन मिष्ठान, बड़ी पहाड़ी, अगमकुआं – 21,339 KG मिठाई जब्त*
विभाग की सबसे बड़ी कार्रवाई पवन मिष्ठान पर हुई। निरीक्षण में पाया गया कि बिना वैध खाद्य लाइसेंस के ही पेड़ा, मिल्क केक और लड्डू का निर्माण किया जा रहा था।
*जब्ती का विवरण:*
– 4,700 किलोग्राम पेड़ा
– 12,000 किलोग्राम से अधिक मिल्क केक
– 4,144 किलोग्राम लड्डू
*कुल – 21,339 किलोग्राम, अनुमानित कीमत ₹23,13,820*
इसके अलावा 166 किलो रद्दी मिठाई के टुकड़े और 150 किलो मिल्क घोल सहित कुल 316 किलो सामग्री मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए जाने पर मौके पर ही नष्ट कराया गया।
जांच में परिसर में गंदगी, कर्मचारियों के हेल्थ सर्टिफिकेट का अभाव, गलत भंडारण और पैकेजिंग पर निर्माण तिथि, एक्सपायरी और बैच नंबर नहीं होना जैसी गंभीर अनियमितताएं मिलीं।
*2. सागर स्वीट्स एंड बेकरी, गुलजारबाग*
आलमगंज, गांधी सेतु रोड स्थित सागर स्वीट्स में रखरखाव, साफ-सफाई, तापमान नियंत्रण और कीट नियंत्रण में कमियां मिलीं। धारा 32 के तहत 14 दिनों का सुधार नोटिस जारी किया गया।
*3. अनित केक बेकरी, शिवनगर, जकरियापुर*
यहां कर्मचारियों का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट नहीं मिला। इस पर भी सुधार नोटिस जारी किया गया।
*4. संजय मिठाई घर, भूतनाथ, बहादुरपुर – दुकान बंद करने का आदेश*
यहां छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित *मेटालिन येलो के 30 पैकेट और हाइड्रो के 3 पैकेट* मिले, जिन्हें तुरंत नष्ट कराया गया। प्रतिष्ठान से बेसन लड्डू का सैंपल लेकर लैब भेजा गया है। वैध लाइसेंस नहीं होने पर दुकान को बंद करने का आदेश दिया गया है।खाद्य संरक्षा विभाग ने कहा है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और लाइसेंस से कोई समझौता नहीं होगा। अभियान लगातार जारी रहेगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
