जागरण में डीजे की तेज आवाज पर बवाल:2 गुट आपस में भिड़े;पहुंची पुलिस
मुजफ्फरपुर में जागरण कार्यक्रम के दौरान देर रात माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। डीजे की तेज आवाज को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई में बदल गया। झड़प में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गन्नीपुर मोहल्ले की है।
स्थानीय निवासी सोनू कुमार ने बताया कि उनके मोहल्ले में हर वर्ष काली पूजा का आयोजन धूमधाम से किया जाता है। इस बार मंदिर परिसर में जागरण कार्यक्रम भी रखा गया था, जो रात भर चलता रहा। डीजे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग परेशान हो उठे। इलाके में कुछ लोग बीमार हैं और तेज आवाज से उन्हें दिक्कत हो रही थी।आयोजकों से डीजे की आवाज कम करने या बंद करने का आग्रह किया तो बंगाली टोला के कुछ युवकों ने इसका विरोध किया। गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। जागरण में शामिल कुछ युवक नशे में थे। पहले मेरे चाचा को धक्का दिया और बीच-बचाव करने पर मुझ पर हमला कर दिया। मेरे सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं है। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
सख्त कार्रवाई की मांग
मारपीट की सूचना पर काजी मोहम्मदपुर थाने की पुलिस और 112 टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने डीजे बंद कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल युवक को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। पीड़ित ने थाने में आवेदन देकर मारपीट में शामिल युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस
वहीं, थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल से संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और दोषियों की पहचान की जा रही है। शांति भंग करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
