बिहार मे भ्रष्ट इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी:आय से 44% अधिक संपत्ति का खुलासा
पटना।ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर संजीव कुमार के ठिकानों पर शुक्रवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में कार्रवाई हुई है। जिसमें उनकी संपत्ति आय के ज्ञात स्रोतों से 44% अधिक पाई गई है।
ब्यूरो की टीम ने संजीव कुमार के पटना स्थित कई ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। इनमें कंकड़बाग के इंदिरा नगर स्थित उनका आवास और हज भवन के पास स्थित उनका कार्यालय शामिल है। डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीम ने सुबह से ही अभियान चलाया। हालांकि रात 10 बजे के बाद इसकी जानकारी डीएसपी ने दी है।
7.5 लाख रुपए नगद और सोने-चांदी के कीमती आभूषण मिले
तलाशी के दौरान कंकड़बाग स्थित आवास से लगभग 7.5 लाख रुपए नगद और सोने-चांदी के कीमती आभूषण बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त, टीम को जमीन के कई महत्वपूर्ण कागजात, बैंक पासबुक और विभिन्न निवेशों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि संजीव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में कांड संख्या 93/25 दर्ज किया गया था। न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद यह छापेमारी की गई।अधिकारियों का मानना है कि बरामद संपत्ति और निवेश का आंकड़ा जांच पूरी होने के बाद और बढ़ सकता है। इन सभी दस्तावेजों की गहनता से जांच की जा रही है।”
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
